हापुड़ : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जारी सियासी घमासान के बीच एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर छिजारसी टोल गेट पर हमला हुआ है और उनके काफिले पर फायरिंग की गई है। AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी के काफिले पर पांच राउंड गोलियां चलाई गई हैं। ओवैसी शुक्रवार शाम मेरठ जिले के किठौर क्षेत्र में एक सभा करने के बाद हापुड़-गाजियाबाद होते हुए दिल्ली की तरफ जा रहे थे। हापुड़ जिले में छिजारसी टोल प्लाजा के नजदीक कुछ युवकों ने उनके काफिले पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि छिजारसी टोल प्लाजा से काफिला गुजरने के दौरान कुछ युवकों से कहासुनी हुई।
इस दौरान विवाद बढ़ा और युवकों ने ओवैसी के काफिले पर फायरिंग कर दी। ओवैसी को सुरक्षा की दृष्टि से टोल प्लाजा पर बने कमरे में बैठा दिया गया। इधर, गाजियाबाद और हापुड़ जिले की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। टोल प्लाजा के नजदीक उनके काफिले पर पांच गोलियां चलाई गई हैं। उनकी कार में गोलियों के निशान साफ दिख रहे हैं।
घटना के बाद ओवैसी ने किया ट्वीट
घटना के बाद ओवैसी ने ट्ववीट किया- ‘कुछ देर पहले छिजारसी टोल गेट पर मेरी गाड़ी पर गोलियां चलाई गईं। 4 राउंड फायर हुए। 3-4 लोग थे, सब के सब भाग गए और हथियार वहीं छोड़ गए। मेरी गाड़ी पंक्चर हो गई, लेकिन मैं दूसरी गाड़ी में बैठ कर वहां से निकल गया। हम सब महफूज हैं। अलहमदु’लिलाह।’
मेरठ में पिछले दो दिन से लगातार AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी सपा और बसपा पर तीखा हमला बोल रहे हैं। गुरुवार को शहर विधानसभा में डोर टू डोर कैंपेन करने पहुंचे। सपा व बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इनके लिए कब तक मुसलमान जवानी कुर्बान करते रहेंगे। कब तक दरी बिछाते रहेंगे। ओवैसी ने कहा कि उन्होंने जो गर्मी पैदा की है ना किसी की गर्मी से कम होगी ना सर्दी से। ओवैसी ने कहा कि सपा बसपा बीजेपी से कम नहीं है।


