श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में सेना के एंटी-टेरर ऑपरेशन्स से बौखलाए हुए आतंकी एक के बाद एक गैर-कश्मीरियों को निशाना बनाते जा रहे हैं। रविवार को भी गैर-स्थानीय लोगों पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया। दक्षिणी कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने दो बिहार के रहने वाले मजदूरों की हत्या कर दी। इसके अलावा, एक शख्स घायल हो गया। 2 मजदूरों की मौत के बाद यह खबर आई कि पुलिस ने इमरजेंसी एडवाइजरी जारी करके सभी गैर कश्मीरी मजदूरों को सेना और पुलिस के कैंपों में लाने की बात कही है। बाद में कश्मीर के IG ने ऐसी किसी भी एडवाइजरी को फेक बताया।
मृतकों की पहचान बिहार के निवासी राजा और जोगिंदर के रूप में हुई है. इसके अलावा, घायल हुए शख्स का नाम चुनचुन देव है। बीते दिन भी आतंकियों ने पुलवामा और श्रीनगर में दो लोगों की गाोली मारकर हत्या कर दी थी। श्रीनगर में बिहार के रहने वाले अरविंद कुमार को निशाना बनाया गया था। वहीं पुलवामा में यूपी के निवासी सगीर अहमद को भी मार डाला गया था।
कुलगाम में हुए हमले की जम्मू-कश्मीर पुलिस ने भी पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, कुलगाम के वानपोह इलाके में आतंकियों ने गैर स्थानीय मजदूरों के घर में घुसकर उन पर फायरिंग कर दी, जिसमें उनकी मौत हो गई। जिस समय आतंकियों ने गोलीबारी की, उस दौरान वहां पर तीन लोग मौजूद थे और तीनों को गोलियां लगीं। इस हमले में एक शख्स घायल है।
इमरजेंसी एडवाइजरी सामने आई, IG ने फेक बताया
रविवार को 2 मजदूरों की मौत के बाद यह खबर आई कि पुलिस ने इमरजेंसी एडवाइजरी जारी करके सभी गैर कश्मीरी मजदूरों को सेना और पुलिस के कैंपों में लाने की बात कही है। इसका एक फोटो भी सामने आया, जिसमें कश्मीर पुलिस के IG की तरफ से प्रदेश के सभी जिलों के अधिकारियों को भेजी गई एडवाइजरी में कहा गया कि उनके एरिया में रहने वाले सभी गैर कश्मीरी मजदूरों को नजदीकी पुलिस, CRPF या सेना के कैंप में लाया जाए। इस पर तुरंत अमल किया जाए। बाद में कश्मीर के IG ने ऐसी किसी भी एडवाइजरी को फेक बताया।
