नई दिल्ली। जानी मानी लेखिका साहित्यकार और अणुव्रत आंदोलन की अग्रणी सेविका डॉ. कुसुम लुनिया को भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की संयुक्त हिन्दी सलाहकार समिति में सदस्य नियुक्त किया गया है। केन्द्रीय विज्ञान और तकनीकी विज्ञान तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह इस 15 सदस्यीय समिति के अध्यक्ष है। दिल्ली के सुप्रसिद्ध कवि गजेन्द्र सोलंकी भी इस समिति के सदस्य मनोनीत किए गए है।
विज्ञान और तकनीकी विज्ञान की जटिल परिभाषाओं और अन्वेषणों को विशेष कर विज्ञान एवं तकनीकी ज्ञान को सरल राजभाषा हिन्दी में आम नागरिकों तक पहुँचा कर उन्हें लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से सारगर्भित सुझाव और हिन्दी के उन्नयन के कार्य को गति प्रदान करने के लिए गठित इस समिति में डॉ. कुसुम लुनिया का चयन से प्रवासी राजस्थानियों ने खुशी ज़ाहिर करते हुए प्रधानमंत्री और दोनों मंत्रालयों का आभार व्यक्त किया है।
प्रधानमत्री मोदी की अध्यक्षता में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष में आयोजित होने वाले विश्व हिन्दी दिवस के विभिन्न आयोजनों आदि में समिति के सदस्यों से विशेष सक्रियता की अपेक्षा की गई है।