Headlines

जम्मू-कश्मीर दौरे पर परिसीमन आयोग, पीडीपी को छोड़ सभी दल होंगे शामिल

परिसीमन आयोग

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में विभिन्न क्षेत्रों से राजनीतिक पक्षपात को मिटाने के मकसद से परिसीमन आयोग का बहुप्रतिक्षित दौरा आज से शुरू हो रहा है। इस दौरान नेशनल कांफ्रेंस (NC) का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे परिसीमन आयोग से मुलाकात करेगा। सूत्रों की मानें तो पीडीपी को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों ने श्रीनगर में आयोग की बैठक के लिए प्रतिनिधियों को नामित किया।

पार्टी नेता ने बताया कि पार्टी ने यहां एक होटल में आयोग से मिलने के लिए अब्दुल रहीम राथर, मोहम्मद शफी उरी, मियां अल्ताफ अहमद, नासिर असलम वानी और सकीना इट्टू को नामित किया है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी का प्रतिनिधित्व करेंगे और आयोग के समक्ष अपने विचार और सुझाव रखेंगे।

सभी दलों को मिला है विचार रखने का समय

नेता ने कहा कि आयोग ने जम्मू-कश्मीर में परिसीमन प्रक्रिया के बारे में अपने विचार रखने के लिए प्रत्येक पार्टी को 20 मिनट आवंटित किए हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस (NC) को शाम 5.10 बजे से शाम 5.30 बजे तक का समय दिया गया है। इस दौरान वह परिसीमन आयोग से कई मुद्दों को लेकर चर्चा करेंगे।

ऐसा रहेगा परिसीमन आयोग का शेड्यूल

सूत्रों ने बताया कि परिसीमन पैनल की 6 जुलाई को श्रीनगर, 7 जुलाई को दक्षिण कश्मीर में और 8 जुलाई को जम्मू में राजनीतिक दलों के साथ बैठक करने की योजना है। आयोग जम्मू-कश्मीर में परिसीमन की चल रही प्रक्रिया पर विचार-विमर्श करने के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों से मुलाकात करेगा। श्रीनगर में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित प्रतिनिधिमंडलों से आयोग की मुलाकात होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *