नई दिल्ली : करीब एक महीने तक शांत रहा मानसून दोबारा एक्टिव हो गया है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बदल फटने की घटना सामने आई है। जहां सेंट्रल कश्मीर के गांदरबल में बादल फटने से बाढ़ जैसे हालात बन गए। वहीं हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बादल फटने के कारण जमकर तबाही हुई।
सेंट्रल कश्मीर के गांदरबल में बादल फटने से घरों में पानी घुस गया। कई दुकानें और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद J&K प्रशासन ने रात में ही राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। प्रशासन का कहना है कि हालात फिलहाल काबू में हैं।
सोशल मीडिया पर भागसुनाग का वीडियो तेज़ी से वायरल
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में बादल फटने के कारण जमकर तबाही हुई। यहां भागसुनाग से सामने आई तस्वीरें बयां कर रही हैं कि कैसे पानी के तेज़ बहाव में गाड़ियां बहकर निकल रही हैं। सोशल मीडिया पर भागसुनाग का ये वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है। अचानक बादल फट जाने के कारण यहां पर नदियों में पानी ज्यादा हो गया है और बहाव तेज़ होने के कारण नदियां उफान पर हैं। ऐसे में नदियों के आसपास बसे सभी गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
वहीं, मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में एक-दो दिन से रुक-रुककर बारिश जारी है। रविवार को बिजली गिरने से UP में 37, राजस्थान में 22 और मध्यप्रदेश में 11 लोगों की मौत हो गई।
बिहार: कई जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। राज्य के ज्यादातर जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के मुताबिक 24 से 48 घंटे के अंदर बिहार के उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व के जिलों में 17 मिलीमीटर तक, पूर्वी-पश्चिम चंपारण में 65 मिलीमीटर, पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय सहित 14 जिलों में 3 से 12 मिलीमीटर तक भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
