नई दिल्ली : देश में कोरोना वायरस के कहर के बीच ही इससे उबरने वाले मरीजों के लिए अब ब्लैक फंगस (Black Fungus) काल बनता जा रहा है। यूपी-दिल्ली, महाराष्ट्र और राजस्थान समेत कई राज्यों में इसके फैलने की जानकारी मिली है। कई राज्यों में फैल रहे नए मामलों को देखते हुए हरियाणा और राजस्थान के बाद तेलंगाना सरकार ने भी गुरुवार को ब्लैक फंगस (म्यूकरमाइकोसिस) (Black Fungus) को महामारी घोषित कर दिया है। तेलंगाना में अब राज्य में आने वाले हर केस की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देना जरूरी होगा।
तेलंगाना सरकार ने महामारी रोग कानून 1897 के तहत इसे अधिसूच्य रोग बताया है। एक आधिकारिक अधिसूचना में गुरुवार को कहा गया कि सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य केंद्र, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय तथा भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा ब्लैक फंगस की जांच, निदान तथा प्रबंधन के लिए तय दिशा निर्देशों का पालन करें।
Read More : राजस्थान में ब्लैक फंगस महामारी घोषित
राजस्थान-हरियाणा में भी ब्लैक फंगस महामारी घोषित
हरियाणा सरकार ने ब्लैक फंगस के बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार को इसे महामारी घोषित किया था। हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने इस बारे में बताया कि सभी मेडिकल कॉलेज में ब्लैक फंगस के लिए 20-20 बेड के वॉर्ड तैयार किए गए हैं। सभी सिविल अस्पतालों से कहा गया है कि उनके पास ब्लैक फंगस का कोई भी मामला आता है तो वे उसे मेडिकल कॉलेज में भेज दे, वहां पर ब्लैक फंगस की सारी सुविधाएं प्रदान की जा रही है। वहीं, राजस्थान में भी ब्लैक फंगस के 100 मरीज मिलने के बाद बुधवार को इसे महामारी घोषित किया गया था।
दिल्ली में भी ब्लैक फंगस का कहर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ब्लैक फंगस अपने पैर पसारता जा रहा है। बुधवार तक यहां ब्लैक फंगस के कुल 185 मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से 69 मरीज सर गंगाराम अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं।
