लखनऊ : अयोध्या में जमीन खरीद का एक और विवाद सामने आया है।खबरों के मुताबिक, सिर्फ तीन महीने के भीतर बीस लाख की जमीन ढाई करोड़ में बेची गई है। शिवसेना नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इसको लेकर एक ट्वीट किया है। वहीं आम आदमी पार्टी और समजावादी पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “हर दिन अयोध्या में भूमि ख़रीद के नए तथ्य सामने आ रहें हैं। 2 करोड़ की ज़मीन 18.5 करोड़ में डीलर से ख़रीदने के बाद अब मेयर के भांजे से 20 लाख की ज़मीन 2.50 करोड़ में ट्रस्ट ने ख़रीदी। श्रद्धालुओं का पैसा राम लला के भव्य मंदिर का है, मनमानी के लिये नहीं।

क्या हैं आरोप?
महंत देवेंद्र प्रसाद 20 लाख रुपये में दीपनारायण उपाध्याय को जमीन बेचते हैं। 20 फरवरी 2021 को ये सौदा होता है, गवाह के तौर पर वेद नारायण पांडे और पवन तिवारी मौजूद होते हैं। इसके बाद दीपनारायण उपाध्याय राम मंदिर तीर्थ ट्रस्ट को ये जमीन 2.5 करोड़ रुपये में बेचते हैं।ये सौदा 11 मई 2021 को होता है और गवाह के तौर पर अनिल मिश्रा (राम मंदिर तीर्थ ट्रस्ट के सदस्य) और राजकुमार दास होते हैं।जमीन 890 वर्ग मीटर की है। करीब 12 गुणा अधिक कीमत पर जमीन बेची गई।
