मुंबई : कोरोना संक्रमण और ओमिक्रोन के बढ़ते मामलों को देखते हुए बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने 10वीं और 12वीं क्लास को छोड़कर सभी क्लास के लिए स्कूल 31 जनवरी तक बंद कर दिए हैं। ये क्लासेस ऑनलाइन चलेंगी। 15 से 18 की उम्र वाले स्टूडेंट्स को स्कूल में कैम्प लगने की सूरत में यहां आकर वैक्सीन लगवाना होगा, चाहे वे किसी भी क्लास में हों। महाराष्ट्र में इस समय सबसे ज्यादा 510 ओमिक्रॉन मामले हैं। कोरोना के रोजाना के मामले भी यहीं सबसे ज्यादा मिल रहे हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा काे ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
तीसरी वेव में संक्रमण की रफ्तार बेहद डरावनी
देश में कोरोना की तीसरी लहर की रफ्तार दूसरी लहर की तुलना में बेहद तेज है। दूसरी वेव की शुरुआत पिछले साल 12 फरवरी से हुई थी। तब एक हफ्ते में नए केस में 0.76% की बढ़ोतरी हुई थी। तीसरी वेव की बात करें तो इसमें नए केस के आंकड़ों में एक हफ्ते के अंदर करीब 199% की बढ़ोतरी देखी गई है। इसका मतलब यह कि इसकी रफ्तार पिछली वेव से करीब 262 गुना (199/0.76=262) ज्यादा है।
