भागलपुर: बिहार के भागलपुर में बम ब्लास्ट में 10 लोगों की मौत हो गई है। यहां जिले के ततारपुर थाना क्षेत्र के काजवलीचक यतीमखाना के पास भीषण ब्लास्ट होने के बाद 7 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं. मरने वालों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है। ब्लास्ट गुरुवार देर रात हुआ है। विस्फोट इतना जबरदस्त था 4 घर पूरी तरह से जमींदोज हो गया है। घटना के बाद भागलपुर के कई जनप्रतिनिधि और पुलिस बल मौके पर पहुंची है। जेसीबी लगाकर मलबे को हटाया जा रहा है. घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जिसमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
विस्फोट इतना तेज था कि 5 किलोमीटर तक लोगों ने धमाके की आवाज सुनी,, तो वहीं बारूद की गंध स्टेशन चौक के पास तक लोगों ने महसूस किया। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि कई घंटो तक बारूद की गंध हवा में रही।
मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
घटना कोतवाली थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित एक मकान की है. इस ब्लास्ट से एक तीन मंजिला मकान जमींदोज हो गया।घटना की जानकारी पर डीआईजी सुजीत कुमार, डीएम सुब्रत कुमार सेन, एसएसपी बाबू राम भी मौके पर पहुंच गए हैं।
इलाके में बनाए जाते हैं पटाखे
घटना के बारे में कहा जा रहा है कि इस इलाके मे पटाखे बनाने का काम किया जाता है। इसके साथ ही पुलिस इसे ब्लास्ट के एंगल से भी देख रही है। भागलपुर पुलिस को कुछ दिनों पहले IB ने भी अलर्ट किया था और यहां संदिग्ध गतिविधियों की बात कही थी। तो वहीं स्थानीय लोगों के मुताबिक सब-ए-बारात के लिए घर में बम बनाया जा रहा था, जिसके बाद ये ब्लास्ट हुआ है, तो वहीं DIG सुजीत कुमार का कहना है कि FSL की टीम जांच कर रही है. इसके बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह किस तरह का विस्फोट था। तो वहीं भागलपुर के डीएम सुब्रत कुमार ने कहा कि सभी अधिकारी जांच कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। घटना स्थल पर मलबे को हटाया जा रहा. जांच के बाद ही ब्लास्ट के बारे में ज्यादा जानकारी मिल पाएगी।

