पणजी: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस समय गोवा दौरे पर हैं। उन्होंने यहां NCP नेता को TMC की सदस्यता दिलाई और कांग्रेस पर निशाना साधा। ममता ने कहा कि कांग्रेस अगर चाहे तो TMC के गठबंधन में शामिल हो सकती है। वहीं, कांग्रेस पर एक सुस्त जमींदार की तरह बर्ताव करने का आरोप भी लगाया। गोवा में अपनी पार्टी के एक कार्यक्रम में ममता ने कहा कि TMC का मतलब टेम्पल (मंदिर), मॉस्क (मस्जिद) और चर्च है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मैं कांग्रेस के खिलाफ नहीं बोलना चाहती, लेकिन यह पार्टी भाजपा को हराने के लिए कोई काम नहीं कर रही। अगर कांग्रेस BJP को हराने के लिए कुछ करना चाहती है तो मुझे कोई आपत्ति नहीं। ममता एक महीने के भीतर दूसरी बार गोवा पहुंची हैं।
TMC को एक हिंदू विरोधी पार्टी के तौर पर पेश करती है भाजपा
ममता ने कहा कि हमने गोवा में महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (MGP) के साथ गठबंधन किया है। हमारा गठबंधन ही विकल्प है। कांग्रेस अगर सोचती है कि वह हमारे गठबंधन में शामिल नहीं होगी तो कोई दूसरी पार्टी भी ऐसा नहीं करेगी, ऐसा सोचना गलत है। ममता ने कहा कि भाजपा TMC को एक हिंदू विरोधी पार्टी के तौर पर पेश करती है, जबकि ऐसा बिल्कुल नहीं है।
