सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा में देर रात सीआरपीएफ कैंप से बड़ी वारदात की खबर सामने आई है। दरअसल, कैंप के एक जवान ने अपने ही साथियों पर रात एक बजे AK-47 से गोली चला दी। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई तो तीन घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 2 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें चॉपर से रायपुर रेफर किया जा रहा है। घटना के बाद आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है। अभी तक फायरिंग का सही कारण सामने नहीं आ सका है।
जानकारी के मुताबिक, घटना कोंटा विकासखंड के ग्राम लिंगनपल्ली स्थित CRPF बटालियन कैंप की है। देर रात करीब 3.15 बजे CRPF जवान रितेश रंजन ने अपने साथियों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से 2 जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। इसी कैंप में 85वीं बटालियन के जवानों का भी कैंप है। देर रात गोली चलने से हड़कंप मच गया। अन्य जवान दौड़ कर मौके पर पहुंचे। इसके बाद अफसरों को जानकारी दी गई।
जवानों के बीच हुआ था विवाद
सीआरपीएफ कैंप के जिस जवान पर साथियों पर गोली चलाने का आरोप है, वह देर रात नक्सली क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान जवानों के बीच कुछ विवाद हो गया, जो हिंसा में बदल गया। इसके बाद सीआरपीएफ जवान आपे से बाहर हो गया और उसने गोलीबारी शुरू कर दी। इसी घटना में चार सीआरपीएफ जवानों की मौत हो गई। घटना के बाद सीआरपीएफ के अधिकारी मामले की जांच में लगे हुए हैं। अभी यह कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जवान ने साथियों पर गोली किस वजह से चलाई।
जानकारी के मुताबिक, घटना में मारे गए CRPF के 2 जवान बिहार के रहने वाले थे, जबकि 1 पश्चिम बंगाल का निवासी था। चौथे जवान को लेकर अभी जानकारी नहीं मिल सकी है। मृतक जवानों में बिहार निवासी धांजी और राजमणि कुमार यादव व पश्चिम बंगाल निवासी राजीब मंडल के अलावा एक अन्य जवान धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। इनके अलावा जवान धर्मेंद्र कुमार सिंह, धर्मात्मा कुमार और मालया रंजन महाराणा घायल हैं।