Headlines

कॉलोनी से बजरी गाड़ियों को निकालने से किया मना, टोकने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से रौंदा

बजरी

जयपुर : बजरी माफियाओं ने सोमवार रात ट्रैक्टर से रौंदकर एक युवक की हत्या कर दी। युवक का कसूर था कि उसने कॉलोनी में से बजरी की गाड़ियों को ले जाने से उन्हें टोका था। हमले में घायल भाई को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। देर रात कॉलोनी के लोगों ने करधनी थाने पर हंगामा किया। 5 घंटे चले हंगामे के बाद हत्या में मामला दर्ज किया गया। हत्यारे को जल्द पकड़ने का आश्वासन देकर मामले को शांत करवाया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक सुरेश चौधरी (35) गौतम नगर सरना डूंगर का रहने वाला है। रिपोर्ट में बताया कि हरमाड़ा निवासी मुकेश मीणा अवैध बजरी खनन में ट्रैक्टर-ट्रॉली चलता है। चार दिन पहले सुरेश ने अवैध बजरी से भरी गाड़ियों को कॉलोनी के बजाए पीछे के रास्ते से ले जाने की कहकर टोका था। ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर मुकेश ने उसको वाहन से टक्कर मारकर हत्या करने की धमकी भी दी थी। रात करीब पौने आठ बजे मुकेश बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खाली कर कॉलोनी से जा रहा था।

इसी दौरान गौतम नगर विस्तार में सुरेश और उसके भाई ने उसको दोबारा टोका। गुस्से में मुकेश ने ट्रैक्टर-ट्रॉली के सामने आए सुरेश को रौंद दिया और भाई कानाराम को टक्कर मार दी। जिसके बाद मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गया। कॉलोनी के लोगों ने तुरंत दोनों भाइयों को प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टर्स ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। घायल कानाराम को भर्ती कर लिया गया।

आश्वासन के बाद मामला शांत

रात करीब 10 बजे कॉलोनी के दो दर्जन से अधिक लोग करधनी थाने जा पहुंचे। कॉलोनी वासियों ने थाने में जमकर हंगामा किया। बजरी माफियाओं के आतंक के खिलाफ आवाज उठाई। वहीं, मृतक सुरेश के हत्यारे को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए। हंगामा करने वालों का कहना था कि जब तक सुरेश के हत्यारे को पकड़ा नहीं जाएगा, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएगे। रात करीब 3 बजे तक पुलिसकर्मी समझाइश करते रहे। हत्या में मामला दर्ज करने और जल्द हत्यारे को पकड़ने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *