Headlines

झारखंड रोप-वे हादसे में 20 घंटे बाद सेना ने हेलिकॉप्टर से 12 को किया रेस्क्यू, 36 अब भी फंसे

रोप-वे

देवघर : झारखंड के देवघर में त्रिकुट पहाड़ पर रोप-वे हादसे में सेना, वायुसेना और NDRF ने मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार सुबह बाद हेलिकॉप्टर से दोबारा बचाव कार्य शुरू किया गया है। 20 घंटे बाद 12 श्रद्धालुओं का रेस्क्यू किया। अब भी 36 लोग हवा में लटकी ट्रॉली में फंसे हैं। तारों के जाल के कारण NDRF और सेना के कमांडो रेस्क्यू करने में दिक्कत आ रही है।

सुबह 6 घंटे के प्रयास के बाद हेलिकॉप्टर लौट गया था। अब दोबारा प्लान करके रेस्क्यू शुरू किया गया है। कमांडो दो ट्रॉली के गेट खोलने में कामयाब हो गए। ऑपरेशन में एयरफोर्स के तीन हेलिकॉप्टर लगे हैं। स्थिति यह है कि रविवार की शाम करीब 4 बजे हुए हादसे के बाद 18 ट्रॉलियों में 48 श्रद्धालु फंसकर हवा में लटक गए थे। हादसे में 12 लोग घायल हो गए थे।

डर खत्म करने एक-दूसरे से बात करते रहे

रातभर लोग रोप-वे की ट्रॉली में बैठे हवा में लटके रहे। एक-दूसरे से बात करके डर को खत्म किया। सुबह होते ही सेना ने रेस्क्यू शुरू कर दिया। सुबह करीब साढ़े छह बजे वायु सेना का हेलिकॉप्टर पहुंचा। इसमें कमांडो भी मौजूद हैं। हेलिकॉप्टर ने ऑपरेशन शुरू करने से पहले हवाई सर्वे किया। हवा में अटके ट्राॅली में फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे उतारने की योजना तैयार की गई।

रोप-वे

2500 फीट की ऊंचाई पर अटका केबिन

केबिन जमीन से करीब 2500 फीट की ऊंचाई पर है। लिहाजा ऑपरेशन शुरू करने से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया है। हादसे में फंसे हुए लोगों की पहचान देवघर के अमित कुमार, खुशबू कुमारी, जया कुमारी, छठी लाल शाह, कर्तव्य राम, वीर कुमार, नमन, अभिषेक, भागलपुर के धीरज, कौशल्या देवी, अन्नु कुमारी, तनु कुमारी, डिंपल कुमार व वाहन चालक, मालदा के पुतुल शर्मा, सुधीर दत्ता, सौरव दास, नमिता, विनय दास के रूप में की गई है।

रोप-वे चलाने वाली एजेंसी होगी ब्लैक लिस्टेड

झारखंड के पर्यटन मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि रोप-वे का संचालन कर रही दामोदर वैली कार्पोरेशन को ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा। सैप कैसे टूटा, उसका मेंटेनेंस किस तरह हो रहा था, इन सब बिंदुओं की जांच कराई जाएगी। आने वाले समय में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए एक वैकल्पिक सड़क बनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *