Headlines

सीएम के आश्वासन के बाद डॉक्टर्स का आंदोलन स्थगित

डॉक्टर्स

जयपुर : दौसा के लालसोट में पिछले दिनों महिला डॉक्टर के सुसाइड मामले में जयपुर समेत पूरे प्रदेश में चल रहा डॉक्टर्स का आंदोलन आज स्थगित हो गया। जयपुर मेडिकल एसोसिएशन (जेएमए) और प्राइवेट हॉस्पिटल एंड नर्सिंग होम सोसायटी (पीएचएनएचएस) के पदाधिकारियों की सीएम अशोक गहलोत से मुलाकात के बाद यह फैसला लिया गया। एसोसिएशन के इस फैसले से उन लोगों को राहत होगी जो प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज नहीं मिलने से परेशान हो रहे थे।

डॉक्टर्स के एक दल ने सीएम गहलोत से मुलाकात के दौरान अपनी कुछ मांगे रखी, जिन्हें मुख्यमंत्री पूरा करवाने का आश्वासन दिया। पीएचएनएचएस के सचिव डॉ. विजय कपूर ने बताया कि सीएम गहलोत ने कहा कि डॉ. अर्चना शर्मा प्रकरण में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक धाराओं के तहत निष्पक्ष व सख्त जांच करवाकर कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस जल्द ही इस मामले में लिप्त सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के बाद सभी संगठनों ने जेएमए में एक बैठक की, जिसमें सभी ने एकमत होकर आंदोलन को 5 अप्रैल से स्थगित करने का निर्णय किया। इसके साथ ही निर्णय लिया कि 10 दिनों के बाद प्रशासन की ओर से इस घटनाक्रम में क्या कार्यवाही की गई, इसका रिव्यू करके आगे के आंदोलन की समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *