नागौर : राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल संसदीय क्षेत्र की खींवसर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने कई स्कूलों के वार्षिकोत्सव व कक्षा-कक्षो के लोकापर्ण कार्यक्रमो में भाग लिया। सांसद हनुमान बेनीवाल ने खींवसर विधानसभा क्षेत्र की राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुमटानाडा, हेमपुरा में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा, भामाशाह सम्मान समारोह, चोतीणा हेमपुरा में राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल को माध्यमिक स्तर तक क्रमोन्नत करवाने व वार्षिकोत्सव,भामाशाह सम्मान समारोह व भवन के लोकार्पण कार्यक्रम, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पांचौड़ी में वार्षिक उत्सव तथा कक्षा-कक्ष व प्राचार्य कक्ष का लोकापर्ण व राजकीय माध्यमिक विद्यालय में स्कूल के क्रमोन्नत होने व वार्षिक उत्सव कार्यक्रमो में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया।
सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि भामाशाहों का व प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए खुद को गौरवांवित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि भामाशाहों के कार्यो से लोगो को प्रेरणा मिलती हैं। बेनीवाल ने कहा कि छात्रों को एक दूसरे से प्रेरणा लेकर सफलता हासिल करने के कड़ी मेहनत करने की जरूरत है। इस अवसर पर बेनीवाल ने छात्र-छात्राओं से भी संवाद करके उनके साथ तस्वीरें खिंचवाई व उनके द्वारा विद्यालय के सम्बन्ध में बताई गई समस्याओ का जल्द निस्तारण करवाने का भरोसा दिलाया।
सांसद बेनीवाल ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ता नशे का कारोबार चिंता का विषय है, इसलिए युवा नशे से दूर रहे और नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करे ताकि एमडी सहित अन्य मादक पदार्थो को बेचने वालों के विरुद्ध कार्यवाही हो सके। क्योंकि नशा युवा पीढ़ी को खोखला कर रहा है। उन्होंने कहा कोई नशा बेचे तो मुझे बताओ उसके खिलाफ में कार्यवाही करवाऊंगा।
यह कहा क्षेत्र के कार्यो को लेकर
सांसद बेनीवाल ने कहा कि उन्होंने खींवसर के विकास में कोई कमी नही रखी और यहां सड़को,पेयजल व विद्युत से जुड़े जो कार्य उनके कार्यकाल में हुए वो पहले कभी नही हो पाए। इस अवसर पर सांसद ने उक्त सभी गाँवो में जन समस्याओं को सुना व जल्द निस्तारण का भरोसा दिलवाया। सांसद बेनीवाल ने कहा कि उन्होंने क्षेत्र में आमजन में राजनैतिक चेतना जगाई और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी भी गांव, गरीब तथा दलित के हितो की लड़ाई लड़ रही है। सांसद बेनीवाल ने कहा कि वो हमेशा लोगो के मध्य रहते है और जनता के कार्यों को प्राथमिकता से करवाते है। बेनीवाल ने कहा वो सरकारी विद्यालयों के विकास कार्यों में कोई कमी नही रखूंगा। पिपलिया ग्राम में स्थानीय लोगो ने सांसद का स्वागत किया व पांचला सिद्धा में कन्या कॉलेज स्वीकृत करवाने सहित कई मांगो से उन्हें अवगत करवाया।
बेनीवाल ने की यह घोषणाएं की
सांसद बेनीवाल ने नागौर संसदीय क्षेत्र की खींवसर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक स्कूल, चोतीणा हेमपुरा में सांसद कोष से आईसीटी लैब के लिए कक्ष बनवाने, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुमटानाडा, हेमपुरा में कक्षा कक्ष हेतु पांच लाख रुपये व पांच लाख रूपये पापासनी ग्राम में अन्य विकास कार्य करवाने की घोषणा की व पांचौड़ी में कक्षा-कक्ष बनवाने हेतु सांसद कोष से 10 लाख़ रुपए देने की घोषणा की साथ ही मुख्य द्वार बनाने व विद्यालय की मरम्मत करवाने की भी घोषणा की। साथ ही नव क्रमोंनत राजकीय माध्यमिक स्कूल नंदवाणी में भी विकास कार्यों के लिए 10 लाख़ रुपए स्वीकृत करने व नंदवानी से सारनो की ढाणी तक सड़क बनवाने की घोषणा की। साथ ही पापासनी में चार व बिरलोका में 2 नलकुप स्वीकृत करवाने व पांचौड़ी में गंदे पानी के निकास हेतु सीवरेज लाईन बनवाने की घोषणा की। इसके साथ ही लोगो द्वारा अवगत करवाई गई समस्याओ का जल्द निस्तारण करने का भरोसा लोगो को दिया।

