जयपुर : कांग्रेस विधायक दिव्या मदेरणा ने मंगलवार को विधानसभा में अपनी ही सरकार के पीएचईडी मंत्री डॉ महेश जोशी को रबर स्टैंप बताया था। इसके बाद वे पार्टी नेताओं के निशाने पर आ गईं, लेकिन बुधवार को खाद्य कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने दिव्या मदेरणा की बात का समर्थन किया है।
खाचरियावास ने कहा,जो मुद्दे उन्होंने उठाया वह जनता और कार्यकर्ताओं की आवाज है। कोई विधायक सदन में बोलता है तो उसकी बात को गंभीरता से लेना हमारी जिम्मेदारी है। ऐसे अधिकारियों को सुधर जाना चाहिए। विधायक जनता की आवाज बनकर लड़ते हैं ऐसे में अधिकारी विधायक के खिलाफ जाते हैं तो उन्हें संभल जाना चाहिए।
उन्होंने कहा सदन में दिव्या मदेरणा ने यह मामला उठाया है तो गम्भीर है। ऐसे अधिकारी जो जनता और एमएलए की आवाज सुनकर काम नहीं करते हैं, जो सरकार की जन कल्याण और विकास की योजनाओं को जनता तक नहीं पहुंचाते, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मंत्री के नाते हम ऐसे अधिकारियों को चिन्हित करेंगे और सरकार विधायकों की नहीं सुनने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
दिव्या मदेरणा ने क्या कहा था जानिए
जोधपुर के ओसियां से कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा की बेटी दिव्या मदेरणा ने मंगलवार को विधानसभा में अपनी ही सरकार के पीएचईडी मंत्री महेश जोशी को घेरा था। पानी से जुड़ी अनुदान मांगों पर बहस के दौरान दिव्या ने कहा- मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि जलदाय मंत्री केवल रबर स्टैंप हैं। प्रमुख सचिव विभाग चला रहा है। मंत्रीजी को क्या कहें, वो शहर से आते हैं। गांव के व्यक्ति की समस्या महसूस करना तो दूर समस्या समझते भी हैं या नहीं, इस पर भी सवाल है। मैं रेगिस्तान से आती हूं। वो रेगिस्तान की समस्या जानते भी हैं क्या?
