नागौर : आरएलपी संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल रविवार को नागौर जिले के दौरे पर रहे। सांसद बेनीवाल सुबह ही दिल्ली से लोकसभा के बजट सत्र के प्रथम चरण की समाप्ति के बाद नागौर लौटे थे, जहां उन्होंने आवास पर आते ही आगंतुकों से मुलाकात की व जन समस्याओं को सुना। सांसद हनुमान बेनीवाल ने मुंडवा मुख्यालय का दौरा करके स्थानीय लोगो से मुलाकात की। वहीं मुंडवा नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन सीताराम मुंडेल के पिताजी का निधन हो जाने पर तथा खींवसर विधानसभा क्षेत्र के पालड़ी जोधा ग्राम में पूर्व सरपंच मदन खोजा के भाई का निधन हो जाने पर उनके आवास पर जाकर शोक संतृप्त परिजनो को ढांढस बंधाया और वहां मौजूद आस पास के कई गांवो के लोगो से मुलाक़ात की।
नगरपालिका परिसर में हुआ भव्य स्वागत
रालोपा संयोजक व नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का मुंडवा नगरपालिका परिसर में रालोपा से नगरपालिका चेयरमैन के प्रतिनिधि सुभाष कंदोई के नेतृत्व में स्थानीय लोगो ने सांसद का भव्य स्वागत किया। सांसद हनुमान बेनीवाल ने मूंडवा नगर पालिका परिसर में जन सुनवाई के दौरान स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुंडवा सहित क्षेत्र के विकास में वह कोई कमी नहीं आने देंगे तथा हमेशा जिले को विकास की दृष्टि से अग्रणी बनाने का प्रयास करेंगे। जनसुनवाई में सांसद बेनीवाल के समक्ष ढाणियों के विद्युतीकरण, पेयजल, सड़को के दुरस्तिकरण सहित कई समस्याएं आई। सांसद बेनीवाल ने तत्काल दूरभाष पर संबंधित अधिकारियो को निर्देशित करके समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
अंबुजा सीमेंट प्लांट और रोजगार के मुद्दे से करवाया अवगत
मुंडवा में स्थानीय लोगो द्वारा अंबुजा सीमेंट प्लांट द्वारा फैलाए जा रहे भारी प्रदूषण व स्थानीय लोगो को प्लांट द्वारा रोजगार उपलब्ध नहीं करवाने के मुद्दे से अवगत करवाया। जिस पर सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि विधानसभा से लेकर लोकसभा तक उन्होंने अंबुजा की मनमानी के विरुद्ध मामला उठाया था और अंबुजा ने स्थानीय किसानो से कम दाम पर जमीन लेकर लैंड बैंक बनाई। सांसद ने कहा उद्योगों में 80 प्रतिशत रोजगार मिले इसके लिए एक्ट बनाने की मांग राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी लगातार कर रही है। उन्होंने कहा अंबुजा द्वारा फैलाए जा रहा प्रदूषण कृषि कें क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी चिंता का विषय है।
ईनाणा में किया जन संवाद
सांसद बेनीवाल ने नागौर संसदीय क्षेत्र के ईनाणा ग्राम में स्थानीय लोगो से कई विषयों पर संवाद किया व सामाजिक तथा राजनैतिक मुद्दो पर चर्चा की व जन समस्याओं को सुना। स्थानीय लोगो ने सांसद बेनीवाल को राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी समस्या सहित कई मुद्दों से अवगत करवाया। जिस पर सांसद ने तत्काल राष्ट्रीय राजमार्ग के मुख्य अभियंता से दूरभाष पर वार्ता करके ईनाणा गांव के बाईपास के दोनो तरफ डिवाइडर बनवाने, गांव के हिस्से की सड़क में तालाब के पास पुल बनाने व सड़क के दुरस्तिकरण करने के निर्देश दिए। वहीं रोल ग्राम में स्थित टोल प्लाजा में ईनाणा गांव के लोगो से नहीं लेने के निर्देश संबंधित को दिए। ग्रामीणों ने सांसद से आबादी के विस्तार, पेयजल की टंकी के कार्य को जल्द करवाने सहित कई मांगों को लेकर ज्ञापन दिया।
इस दौरान सांसद बेनीवाल के साथ रालोपा जिला अध्यक्ष हनुमान भाकर, पंचायत समिति सदस्य रामलाल ईनानीया, ईनाना सरपंच रूपाराम रोज, कालूराम ईनानीया, हरीराम, आइदानराम, श्याम सुंदर कंदोई, रमाकांत शर्मा सहित कई जन प्रतिनिधी उपस्थित रहे।
