Headlines

महिला को बंधक बनाकर 19.5 तोला सोना, 4 किलो चांदी और 14 लाख रुपए लूटे

महिला

चित्तौड़गढ़ : बेगूं क्षेत्र में खटीक मोहल्ले में शुक्रवार देर रात 3 बदमाशों ने घर में घुस कर विधवा को बंधक बना 19.5 तोला सोना, 4 किलो चांदी और 14 लाख रुपए लूट कर ले गए। SHO रूप सिंह ने बताया कि देर रात नगर बेगूं क्षेत्र में खटीक मोहल्ले में तीन बदमाश पीछे की तरफ खिड़की तोड़ घर में घुसे। शांति बाई (45) घर में सो रही थीं। एक बदमाश ने महिला का गला दबाया, बाकी दो ने हाथ-पैर बांध दिए। उसके बाद घर से गहने और नकदी लूटकर ले गए।

शांति बाई ने बताया कि घटना रात करीब 2 बजे की है। मकान के पीछे कब्रिस्तान है, उसकी दीवार पर चढ़कर दूसरी मंजिल की खिड़की को काटकर बदमाश अंदर आए। बदमाशाें ने तेजी से रजाई हटाई और मेरा गला पकड़ लिया। मैं कुछ समझ पाती उससे पहले ही किसी ने मेरे दोनों पैर पकड़ लिए। गला दबाने से मेरा दम घुटने लगा। बंधक बनाने के बाद वे लोग सामान की डिमांड करने लगे। पीड़िता ने बदमाशों को बताया कि वह खेती करती है, उसके पास कुछ नहीं है। एक बदमाश ने यह भी कहा कि ब्याज पर रुपए देने का काम करती है तो पैसे तो होंगे। इसके बाद बदमाशों ने पर्दा लेकर फैन पर लटका दिया और महिला को फंदे पर लटकाने की धमकी दी। शांति बाई बोली, मैं तुम्हें धरम भाई बना लूंगी, राखी बांध दूंगी, बस तुम मुझे मारना मत।

महिला

दो घंटे बंधक बनाए रखा

बदमाशों ने करीब दो घण्टे तक महिला को बंधक बना रखा था। तीनों बदमाशों ने घर का सारा सामान बिखेर दिया। अलमारी से 19.5 तौला सोना, 4 किलो चांदी के गहने और 14 लाख रुपए लूट कर ले गए। पीड़िता अपने पति की तस्वीर पर एक सोने का चेन चढ़ा कर रखती थी और दो लाख रुपए भी रखती थी। पति माहेश्वरी लाल खटीक की 14 साल पहले मौत हो गई थी, तब से पीड़िता अकेली ही रहती है। शांति बाई की कोई बच्चा भी नहीं है।

लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर के दरवाजे से बाहर निकले। तब महिला को लगा कि बाहर भी कोई खड़ा था। सुबह होने पर उसने वारदात की जानकारी अपने रिश्तेदारों को दी और पुलिस थाने पर रिपोर्ट दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *