कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और राज्यपाल जगदीप धनखड़ के बीच मतभेद खत्म होने का नाम नहीं ले रहे हैं। इस बार राज्यपाल के ट्वीट को लेकर ममता गुस्से में हैं और उन्होंने गर्वनर का अकाउंट ही ब्लॉक कर दिया है। दरअसल, राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने एक दिन पहले अपने सोशल मीडिया पर बंगाल को लोकतंत्र के लिए गैस चेंबर बताया था। जिसके बाद नाराज होकर ममता बनर्जी ने उन्हें ट्विटर से ब्लॉक कर दिया है।
ममता ने कहा कि मैं इसके लिए, पहले से ही माफी मांगती हूं। वह (जगदीप धनखड़) लगभग हर दिन कुछ न कुछ ट्वीट करे मुझे या मेरे अधिकारियों के खिलाफ कमेंट करते हैं। वे असंवैधानिक और अनैतिक बातें कहते हैं। वे निर्देश और सलाह देते हैं, चुनी हुई सरकार मानो बंधुआ मजदूर बनकर रह गई है, इसलिए मैंने उन्हें अपने ट्विटर अकाउंट से ब्लॉक कर दिया है, मैं हर दिन व्यथित हो रही हूं।’
बताया जा रहा है कि ममता बनर्जी ने यह कदम महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राज्यपाल धनखड़ के ताजा हमले के बाद उठाया है। इसमें धनखड़ ने कहा था, ‘मैं बंगाल की पवित्र भूमि को खून से लथपथ और मानवाधिकारों को कुचलने की प्रयोगशाला बनते हुए नहीं देख सकता। लोग कह रहे हैं कि राज्य लोकतंत्र का गैस चैंबर बनता जा रहा है।’
