जयपुर। एसओजी ने REET पेपर लीक प्रकरण में आज देर रात प्रदीप पाराशर को भी गिरफ्तार कर लिया। पाराशर कल से ही पूछताछ के लिए एसओजी की हिरासत में था। REET परीक्षा में जयपुर जिला कोऑर्डिनेटर का कार्य देखने वाले पाराशर से कल जयपुर में लम्बी पूछताछ की गई थी, उसके बाद रामकृपाल व अन्य के साथ आज एसओजी के एसपी हिमांशु शर्मा REET कार्यालय अजमेर भी लेकर गए थे। वहां से जयपुर पहुंचने के बाद एसओजी ने प्रदीप पाराशर की आधिकारिक रूप से गिरफ्तारी घोषित कर दी। एसओजी ने REET कार्यालय से भी कई साक्ष्य जुटाए थे। संभवत: उसी के बाद पाराशर को गिरफ्तार किया गया है।
प्रदीप पाराशर पर यह आरोप है कि उसने जयपुर में शिक्षा संकुल से रामकृपाल मीणा को पेपर उपलब्ध करवाया था। पाराशर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डीपी जारोली के साथ आयुर्वेद राज्य मंत्री सुभाष गर्ग के घनिष्ठ मित्र बताए जाते हैं। पाराशर राजीव गांधी स्टडी सर्कल संस्था में भी रीजनल कॉर्डिनेटर है। इस संस्था में गर्ग नेशनल कॉर्डिनेटर बने हुए है। इस गिरफ्तारी के बाद लगता है कि एसओजी जल्द ही जारोली को भी पूछताछ के लिए लाएगी। REET से जुड़े माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और शिक्षा विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारियों पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। उन्हें कभी भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

