जयपुर : REET-2021 परीक्षा का पेपर शिक्षा संकुल के स्ट्रांग रूम से लीक होने के SOG के खुलासे के बाद मामले पर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी के प्रदेश महामंत्री व रामगंजमंडी से विधायक मदन दिलावर ने वीडियो जारी कर कांग्रेस पर निशाना साधा है। दिलावर ने कहा कि REET पेपर लीक मामला कोई सामान्य नहीं है। इसमें बड़े-बड़े मगरमच्छ है। जो अभी तक पकड़े नहीं गए। तत्कालीन शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, मंत्री सुभाष गर्ग, मुख्यमंत्री कार्यालय के बहुत बड़े अधिकारी, सीएम भी इसमें शामिल है।
दिलावर ने कहा कि इतना बड़ा स्कैंडल ऐसे हो ही नहीं सकता। इसीलिए डीपी जारोली ने कहा मुझे राजनीतिक संरक्षण से फंसाया जा रहा है। ये तो राजनीतिक संरक्षण में हुआ है। जारोली के बयान का मतलब यही है, कि जारोली से कहा गया था पेपर आउट कराने के लिए। ताकि अरबों रुपए कमाकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को दिए जा सके। जारोली तो चौथे-पांचवें नंबर का बलि का बकरा है।
दिलावर ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तो झुनझुना पकड़ा रहे है। कठोर कानून लाने की बात कह रहे है। पहले तो कह रहे थे पेपर आउट ही नहीं हुआ। बीजेपी के लोग हल्ला कर रहे हैं। पेपर खत्म होने के बाद कांग्रेस और कांग्रेस के मंत्री के लिए बहुत बड़ा उत्सव था। जनता को गुमराह करने के बजाय सीएम गहलोत को खुद को जांच में शामिल करते हुए सीबीआई को जांच सौपनी चाहिए, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए। साथ ही REET परीक्षा को रद्द करना चाहिए।
