जयपुर। प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव के संक्रमितों की संख्या बढऩे की रफ्तार यथावत जारी है लेकिन राहत की बात यह है कि रिकवरी रेट 72 फीसदी हो गई है। यानि 100 में से 72 लोग ठीक हो रहे हैं। इस तीसरी लहर में केवल चिंता इस बात की है मौतों का आंकड़ा बढ़ रहा है। आज भी 9 लोगों की मृत्यु हुई है। प्रदेश में आज 9711 संक्रमित मिले जबकि 7056 रिकवर हुए। जयपुर आज भी हॉटस्पॉट बना रहा, वीकेंड कफ्र्यू के बाद संक्रमितों का आंकड़ा गिरने की उम्मीद थी उसके स्थान पर दो दिन से लगातार बढ़ ही रहा है।
हालांकि कुछ जिलों में जरूर संक्रमितों की संख्या पहले के मुकाबले कम हुई है। जयपुर में आज 2358 कोरोना पॉजिटिव के नए मामले मिले। जयपुर के बाद जोधपुर हॉटस्पॉट बना हुआ है, आज भी जोधपुर में 801 नए कोरोना संक्रमितों के मामले मिले। दिल्ली एनसीआर से सटे अलवर में हालात हालांकि काबू में है। अलवर में आज 1 हजार से सीधे 568 पर संक्रमितों की संख्या आ गई। दूसरी तरफ उदयपुर में फिर एकाएक कोरोना संक्रमित बढ़ी तादाद में मिले हैं। उदयपुर में आज 677 कोरोना पॉजिटिव मिले। स्वास्थ्य विभाग की बुलेटिन के अनुसार, पाली में 569, कोटा में 563, भरतपुर में 536, हनुमानगढ़ 426, बीकानेर में 358, अजमेर में 270 नए कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए है। आज के कोरोना पॉजिटिव के आंकडे शामिल करने के बाद राज्य में एक्टिव केसों की संख्या बढकऱ 69388 हो गई है।


