Headlines

वीकेंड कर्फ्यू : सड़को पर पसरा सन्नाटा, इमरजेंसी सर्विसेज को छोड़कर सब बंद

कर्फ्यू

जयपुर : प्रदेश में कोरोना की तीसरी लहर का पहला वीकेंड कर्फ्यू रविवार से लागू हो गया। कर्फ्यू में इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद है। सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम रही। पुलिस की गाड़ियां शहर में घूम-घूम कर कर्फ्यू का पालन करा रही हैं। दरअसल, प्रदेश में कोविड संक्रमण तेजी से फैल रहा है। गहलोत सरकार ने सख्ती दिखाते हुए शनिवार रात 11 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू की गाइडलाइन प्रदेश में लागू की है।

संडे को इमरजेंसी सर्विसेज, पेट्रोल पम्प और छूट वाली कैटेगरी छोड़कर सब कुछ बंद रहा। बाजार, दुकानें, शॉपिंग मॉल, जिम, क्लब बंद रहे। सिर्फ रोजमर्रा की आम जरूरत की चीजों की दुकानें ही खुली हैं। जैसे- मेडिकल और कैमिस्ट स्टोर, डेयरी बूथ, दूध की दुकानें, फल-सब्जी की दुकानें, किराना की दुकानें। ऐसी दुकानें भी रात 8 बजे तक ही खुली रहेंगी।

इनको कर्फ्यू में छूट

इनके अलावा लगातार प्रोडक्शन करने वाली फैक्ट्री यूनिट, आईटी, टेलीकॉम सर्विसेज, शादी समारोह, इमरजेंसी सर्विसेज ऑफिस, माल लाने-ले जाने वाले सभी वाहनों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को छूट हैं। वैक्सीनेशन लगवाने के लिए आने-जाने की छूट दी गई है। मेडिकल एंड हेल्थ सर्विसेज से जुड़े ऑफिस कर्फ्यू के दायरे में नहीं आ रहे। प्रदेश की सभी सेंचुरी और टाइगर रिजर्व, जू भी बंद हैं। स्ट्रीट वेंडर्स,थड़ी-ठेले वालों को छूट नहीं दी गई है। वीकेंड कर्फ्यू में इमरजेंसी और जरूरी कामों के अलावा घरों से बाहर निकले तो महामारी एक्ट में पुलिस एक्शन ले सकती है। बेवजह बाहर घूमने वालों पर पुलिस सख्ती करेगी। पुलिस-प्रशासन ने लोगों से घरों में रहकर सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *