जयपुर: बीजेपी ने साल-2023 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। रविवार को प्रदेश के सभी 1100 मंडलों पर बीजेपी ने एक साथ मंडल कार्यसमिति की बैठकें कीं। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने अपने विधानसभा क्षेत्र आमेर के रामपुरा डाबड़ी में बैठक ली। जिसमें उन्होंने बूथ लेवल पर वोटों के मैनेजमेंट का पाठ कार्यकर्ताओं को पढ़ाया। पूनियां ने कहा कि प्रदेश में 52 हजार बूथ चुनाव में जीत के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। कई बार कार्यकर्ता यह समझ नहीं पाते हैं। लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस औसत 1.56 फीसदी ज्यादा वोटों से ही जीतकर सत्ता में आई। अगर हर बूथ पर 3 एक्सट्रा वोट बीजेपी को मिल जाते,तो पिछली बीजेपी सरकार नहीं जाती। कांग्रेस सत्ता में नहीं आती। यह एक-एक बूथ की करामात है।
इसीलिए पार्टी ने मंडल लेवल की बैठकों में प्रदेश के बड़े नेताओं की ड्यूटी लगाई। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया,उपनेता राजेन्द्र राठौड़,संगठन महामत्री चन्द्रशेखर,राष्ट्रीय मंत्री अल्का गुर्जर समेत कई सांसदों और संगठन के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। मंडल कार्यसमिति की बैठकों में उदघाटन सत्र से लेकर 4 सत्र रखे गए। जिन्हें राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला कार्यसमिति बैठकों की तरह करवाया गया। पूनियां ने कहा पूरे राजस्थान में एक साथ मंडल की बैठकों से कार्यकर्ताओं में नया जोश आएगा। अब से रेग्युलर टाइम पीरियड के गैप पर इस तरह की बैठकें होती रहेंगी। हर जिम्मेदार नेता दो-दो मंडल पर जाएगा। मंडल बैठकों में पहला- उद्घाटन सत्र, दूसरा- पार्टी कार्यक्रमों पर चर्चा और समीक्षा सत्र,तीसरा- राजनीतिक प्रस्ताव और चौथा- समापन सत्र रखा जाएगा।
