भरतपुर : बीजेपी की दो दिवसीय संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति बैठक के आखिरी दिन बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक में बीजेपी के 7 मोर्चा के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में पहुंचे केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि राजस्थान में जनता को एकजुट होकर वादा खिलाफ सरकार से संघर्ष करने की जरूरत है। भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने की फैक्ट्री है।
बीजेपी के राजस्थान प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि बैठक से सभी मोर्चे कांग्रेस को उखाड़ने का संकल्प लेकर जाएंगे। गहलोत सरकार की स्थिति काफी दयनीय है सरकार में जंगल राज है। महिलाओं से छेड़छाड़ और हत्या की वारदातें बढ़ रही हैं। पहले रीट का पेपर लीक हुआ, लेकिन पेपर लीक होने के बाद मुख्यमंत्री ने कोई सीख नहीं ली, हाल ही में VDO का पेपर हुआ उसमें भी खुलेआम पेपर लहराए गए। पेपर लीक हुए, पेपर की बोली लगी जिसमें NSUI के महामंत्री का हाथ आ रहा है। सभी पेपर लीक में सरकार के लोग और सरकार के मंत्री कहीं न कहीं लिप्त हैं।
जनता से कोई बात नहीं करते मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री गहलोत युवाओं को वादा करने के बाद भी बेरोजगारी भत्ता नहीं दे पाए जिसके कारण युवाओं में काफी गुस्सा है। क्योंकि वह मेहनत करते हैं और पेपर लीक हो जाता है। जिसके बाद भी पेपर रद्द नहीं किया जाता। किसानों से वादा करने के बाद भी कर्ज माफ़ी नहीं हुई। सरकार बैंक ने भी किसानों को लोन देना बंद कर दिया। सरकार के प्रति लोगों में काफी गुस्सा है उसके बाद भी मुख्यमंत्री घर से नहीं निकलते एक तरह से गहलोत ऑनलाइन मुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री अपने पास एक दो मंत्री को बैठा कर बात करते हैं। जनता से कोई बात नहीं होती।
सभी नेताओ के आना जरूरी नहीं
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नहीं आने पर जब अरुण सिंह से पूछा तो उन्होंने कहा कि ऐसा जरूरी नहीं सभी आएं। कार्यसमिति की एक सीमा होती है। जनप्रतिनिधि सम्मेलन में वसुंधरा राजे आईं थीं जहां उन्होंने भाषण भी दिया। हर कार्यक्रम में हर नेता के आने की जरुरत नहीं होती। 2023 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए जब सीएम के चेहरे को लेकर अरुण सिंह से बात की तो उन्होंने कहा की बीजेपी का अभी तो सीएम का फेस कमल का फूल है। बाकी आने वाले समय में पार्लियामेंट्री बोर्ड तय करेगा वह सभी को मान्य होगा। यह हमारे अधिकार क्षेत्र में नहीं आता यह सब संसदीय बोर्ड तय करता है।
राहुल गांधी के कारण कांग्रेस का वोट होता है कम
राहुल गांधी के हिन्दू हिंदुत्व वाले बयान पर अरुण सिंह ने कहा कि उन्हें किसी ने कुछ और समझाया होगा, लेकिन वह बोल कुछ और रहे थे। वह हमेशा लिखे हुए भाषण पढ़ते हैं। इसके लिए उन्हें पढ़ना पड़ेगा। तब चीजें समझ में आएंगी। राहुल गांधी को चीजें समझने के लिए जमीन से जुड़ना होगा। जितनी बार राहुल गांधी बोलते हैं उतनी बार कांग्रेस का वोट काम होता है। कांग्रेस के लोग खुद चाहते हैं की राहुल गांधी न बोले। अरुण सिंह ने कहा की कांग्रेस देश की सबसे कन्फ्यूज पार्टी है। कांग्रेस झूठ बोलने की कोई फैक्ट्री है तो कांग्रेस पार्टी है। राजस्थान में सबसे महंगे डीजल पेट्रोल हैं उसके दाम काम नहीं किए जा रहे। बिजली के दाम कम करने की जगह बढ़ाते जा रहे हैं। उसके बाद कांग्रेस बीजेपी के खिलाफ आंदोलन करती है दाम कांग्रेस को कम करने चाहिए वह सिर्फ अपने खिलाफ ही आंदोलन कर रहे हैं।
महिलाओ पर हो रहे अत्याचार : शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा राजस्थान मीरा बाई और पन्नाधाय की भूमि है लेकिन आज कांग्रेस सरकार में यहां महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं, दुराचार हो रहे हैं। इसलिए अब जनता ने तय कर लिया है कि राजस्थान की भूमि से कांग्रेस को भगाना है। अब सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
