Headlines

बिहार में दर्दनाक हादसा: सिलेंडर फटने से 5 बच्चों की मौत, खाना बनाने के दौरान लीक हुई गैस

बांका : बिहार के बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के राजावार गांव में खाना बनाते वक्त रसोई गैस सिलेंडर के फटने से 5 बच्चों की मौत हो गई। इन बच्चों की मां खाना बना रही थी और ये पास में खेल रहे थे। इसी बीच मां किसी काम से कमरे के बाहर गई, तभी रसोई गैस सिलेंडर फट गया। वहां फैली आग में पांचों बच्चे जिंदा जल गए। वहीं, घर के कई सदस्य भी बुरी तरह घायल हो गए हैं। हादसे को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर लीक होने की वजह से यह घटना हुई है।

घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। जिला प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस के अनुसार गांव के छोटू पासवान की पत्नी रसोई गैस के चूल्हे पर खाना बना रही थी। उनके पास में ही 12 साल का बेटा अंकुश और चार बेटियां अंशु कुमारी (8), सीमा कुमारी (4), शिवानी कुमारी (6) और सोनी कुमारी (3) खेल रही थीं। इसी बीच इन बच्चों की मां किसी काम से रसोई के कमरे से बाहर गई तभी गैस सिलेंडर में जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। जिससे घर में खेल रहे पांच बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

धमाके और आग की सूचना मिलते ही गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के बाद झुलसे बच्चों को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके पहले ही पांचों दम तोड़ चुके थे। दो अन्य घायल हुए हैं, उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *