श्रीगंगानगर। पशु विज्ञान केंद्र सूरतगढ़ में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली की अनुसूचित जाति उपयोजना एवं प्रसार शिक्षा निदेशालय राजूवास बीकानेर के द्वारा आयोजित उन्नत बकरी पालन एवं प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि राजाराम गोदारा इफको सदस्य सूरतगढ़ रहे। उन्होंने सभी पशुपालकों को प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा कहा कि यह जो प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं हमें इन प्रशिक्षण शिविरों से जानकारी प्राप्त कर अपने व्यवसाय को बढ़ाना चाहिए।
प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत करते हुए केंद्र के प्रभारी अधिकारी डॉ राजकुमार बेरवाल ने नवजात बकरी के बच्चों की देखभाल तथा नवजात बच्चों तथा ग्रभीत बकरियों के आहार संबंधी जानकारी दी। प्रशिक्षण शिविर में केंद्र के डॉ अनिल घोड़ेला तथा डॉ मनीष कुमार सेन ने बकरियों के प्रसव पूर्व तथा प्रसव के पश्चात देखभाल के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। अजोला हरे चारे का पशु आहार में महत्व एवं अजोला हरे चारे को लगाने व खिलाने के बारे में एवं हरे चारे का आचार साइलेज बनाने की विधि के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया। प्रशिक्षण शिविर के अंत में सभी पशुपालकों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रशिक्षण शिविर में कुल 30 महिला तथा पुरुष पशुपालकों ने भाग लिया।

