जयपुर: अपनी मां से बिछड़कर लेपर्ड जयपुर शहर में आ गया। यहां जेएलएन मार्ग स्थित स्मृति वन की झाड़ियों में फंस गया। सुबह-सुबह वॉकिंग के लिए पार्क गए लोगों ने शावक को देखा। वन विभाग को सूचना दी। टीम ने रेस्क्यू कर जू में रखा है। फॉरेस्ट अफसरों ने बताया कि ये बच्चा लेपर्ड पूजा का हो सकता है। वह कुछ दिन पहले लेपर्ड सफारी की टेरेटरी को पार कर स्मृति वन के जंगल में पहुंच गई। ये भी दावा किया जा रहा है कि मादा लेपर्ड के साथ 2 बच्चों के होने की संभावना है। इसमें से एक झाड़ियों में फंस गया।
वन विभाग के अनुसार, झाड़ियों में फंसा शावक डरा-सहमा था। वह खूब गुर्रा रहा था। उसकी तबीयत भी ठीक नहीं थी। जैसे-तैसे उसे पिंजरें में कैद कर जयपुर जू लेकर आए। यहां उसकी देखभाल की जा रही है। बताया जा रहा है शावक 4-5 दिन से भूखा-प्यासा है। उसे जयपुर जू में लाने के बाद खाने के लिए दिया गया। लेपर्ड की देख-रेख कर रहे वन विभाग के डॉ. अशोक तंवर ने बताया कि बच्चे को बिना ह्यूमन टच किए खाना-पीना दिया जा रहा है। अब इसकी मां को ढूंढने के लिए भी टीम प्रयास कर रही है। मां के दिखते ही शावक को उस एरिया में छोड़ दिया जाएगा।
