बांसवाड़ा: गहलोत सरकार में कैबिनेट मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया के बेटे और भाजपा सरकार में राज्य मंत्री रहे धनसिंह रावत की बेटी के रिसेप्शन में जश्न में जमकर फायरिंग की गई। बांसवाड़ा में सोमवार को शादी का रिसेप्शन था, बड़ी संख्या में मेहमानों को आमंत्रित किया गया था। समारोह में जमकर फायर किए गए और उस समय मंत्री मालवीय भी मौजूद थे। दोनों ही दलों के मंत्री ने विवाह समारोह में फायरिंग के मामले पर चुप्पी साध रखी है।
इस शादी समारोह के जश्न में बंदूक से गोलियां दागने के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें दिखाई दे रहा है कि मेहमानों के साथ घर वाले भी गेर नृत्य कर रहे हैं। इस नृत्य के दौरान कुछ लोगों के हाथ में बंदूकें हैं। इस बीच रुक कर दो लोगों ने तीन बंदूकों से एक साथ फायर किया। लोगों ने तालियां बजाकर जश्न मनाया। शादी के लिए लंबा-चौड़ा पांडाल बनाया गया था, इसके कारण पुलिस ने आसपास के ट्रैफिक को डायवर्ट भी कर दिया था।रोडवेज की बसों को करीब 15 किलोमीटर लंबा रास्ता तय करना पड़ा। इससे यात्री परेशान होते रहे।
यह है कानून
आर्म्स एक्ट में संशोधन के बाद केंद्र सरकार ने शादी या अन्य समारोह में किसी भी प्रकार के हथियारों से फायरिंग को बैन कर दिया था। बहुत से लाइसेंसधारी शादियों में जश्न के लिए हवा में फायर करते हैं। कुछ सालों में ऐसे करने से कई लोगों की अनायास ही मौत हो चुकी है। इसके बाद यह संशोधन किया गया था।

