अजमेर: दिल्ली से दरगाह जियारत के लिए अजमेर आई एक महिला एडवोकेट से बदतमीजी व बैग से नकदी व जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। महिला वकील ने अंजुमन कमेटी पर धक्का-मुक्की करने व बैग से चोरी करने का आरोप लगाया। साथ ही, सेक्रेटरी वाहिद अंगारा को जिम्मेदार बताते हुए दरगाह थाने में मामला दर्ज कराया है।
दरगाह थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि महिला वकील ने शिकायत दी और मामले की जांच की जा रही है। वहीं अंजुमन के सचिव सैयद वाहिद हुसैन अंगारा शाह का कहना है कि पुलिस थाने से फोन आने पर मामले की जानकारी हुई।
शास्त्री पार्क, दिल्ली निवासी एडवोकेट खेरून निशा ने रिपोर्ट देकर बताया कि वह 10 दिसंबर को दरगाह शरीफ आई थी। यहां अंजुमन कमेटी के लोगों ने धक्का-मुक्की की। दरगाह के अन्दर उनके पीछे आए और बैग में से सामान चोरी कर लिया। उसमें 15 हजार कैश, एक गोल्ड चेन 1 तोला, टाॅप्स 1/2 तोला, Delhi Bar Card आदि सामान थे। जब शिकायत की तो बदतमीजी की। इन्होंने दरगाह में अपने लोग लगा रखे हैं। पुलिस सिक्योरिटी की भी इजाजत नहीं है। इसलिए इन सारी वारदातों के लिए जिम्मेदार अन्जुमन कमेटी के सेक्रेटरी (वाहिद अंगारा) हैं। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सूरज कुमार को सौंपी गई है।
