गोरखपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गोरखपुर पहुंचे। मोदी ने गोरखपुर को 10 हजार करोड़ से बने खाद कारखाना, एम्स और बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर (RMRC) की सौगात पेश की। PM ने मंच से अपने विरोधियों पर तंज कसा और कहा कि पहले की सरकारों ने अपराधियों को संरक्षण देकर UP का नाम बदनाम कर दिया था। समाजवादी पार्टी का नाम लिए बगैर मोदी ने कहा, ‘आज पूरा यूपी भलीभांति जानता है कि लाल टोपी वालों को लाल बत्ती से मतलब रहा है। इन्हें आपके दुख-तकलीफों से कोई मतलब नहीं है।’ आज माफिया जेल में हैं और निवेशक दिल खोल कर UP में निवेश कर रहे हैं। यही डबल इंजन का डबल विकास है। इसलिए डबल इंजन की सरकार पर UP को विश्वास है।
प्रधानमंत्री बोले, ‘लाल टोपी वालों को घोटालों के लिए, अपनी तिजोरी भरने के लिए, अवैध कब्जों के लिए, माफियाओं को खुली छूट देने के लिए सत्ता चाहिए। लाल टोपी वालों को सरकार बनानी है, आतंकवादियों पर मेहरबानी दिखाने के लिए, आतंकियों को जेल से छुड़ाने के लिए। याद रखिए, लाल टोपी वाले यूपी के लिए रेड अलर्ट हैं, यानी खतरे की घंटी।’
PM ने भोजपुरी में बात की
PM मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत भोजपुरी में की। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के देवतुल्य लोगों को हम प्रणाम करत बानी। कहा कि गोरखपुर में एम्स का शुरू होना अनेक संदेश दे रहा। पहले खाड़ी का तेल आता था, अब जाड़ी का तेल आता है। लंबे समय से गोरखपुर सहित ये बहुत बड़ा क्षेत्र एक मेडिकल कॉलेज के सहारे था, यहां के लोगों को इलाज के लखनऊ, वाराणसी जाना पड़ता था। 5 साल पहले क्या हालात थे आप जानते हैं।
कुतुब मीनार से दोगुना ऊंचा है प्रिलिंग टॉवर
HURL के प्रिलिंग टॉवर की ऊंचाई कुतुब मीनार से दोगुनी है। यह विश्व में खाद कारखाने का सबसे ऊंचा प्रिलिंग टॉवर है। करीब 600 एकड़ में खाद कारखाना बनकर तैयार है। इसकी ऊंचाई 149.2 मीटर है, जबकि कुतुब मीनार की ऊंचाई 72.5 मीटर है।
पूर्वांचल में UP की 33 फीसदी सीटें, इसी पर BJP की नजर
दरअसल, पूर्वांचल की जंग फतह करने के बाद ही UP की सत्ता पर कोई पार्टी काबिज हो सकती है, क्योंकि सूबे की 33 फीसदी सीटें इसी इलाके की हैं। UP के 28 जिले पूर्वांचल में आते हैं, जिनमें कुल 164 विधानसभा सीटें हैं। 2017 के चुनाव में पूर्वांचल की 164 में से BJP ने 115 सीट पर कब्जा जमाया था, जबकि सपा को 17, बसपा को 14, कांग्रेस को 2 और अन्य को 16 सीटें मिली थीं।
