Headlines

ओमिक्रॉन वेरिएंट की इंडिया में फ़िलहाल एंट्री नहीं, बेंगलुरु में मिले दोनों यात्री डेल्टा वैरिएंट से संक्रमित

बेंगलुरू : साउथ अफ्रीका से कर्नाटक के बेंगलुरु आए दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए दोनों के सैंपल जीनोम सीक्वेसिंग के लिए भेज दिए गए। इस दौरान दोनों को आइसोलेट कर दिया गया। इसी बीच इसकी खबर सामने आ गई। लगा कि तेजी से फैल रहा नया वैरिएंट कहीं भारत भी तो नहीं आ गया। इसके बाद कर्नाटक सरकार हरकत में आई। ये साफ किया गया कि दोनों संक्रमितों में ओमिक्रॉन वैरिएंट नहीं मिला है। दोनों डेल्टा वैरिएंट से संक्रमित हैं।

मंत्री आर अशोक ने बताया कि साउथ अफ्रीका से 1000 से ज्यादा लोग वापस लौटे हैं। सभी का टेस्ट किया गया है। जो लोग पहले ही बेंगलुरु या कहीं और आ चुके हैं, उनका 10 दिन बाद एक और टेस्ट किया जाएगा। उधर पड़ोसी राज्य तमिलनाडु ने इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग की निगरानी के लिए स्वास्थ्य विभाग के 4 अधिकारी तैनात किए हैं। ये अधिकारी चेन्नई, कोयंबटूर, मदुरै और तिरुचिरापल्ली एयरपोर्ट पर रहेंगे।

हाई रिस्क वाले देशों से 584 लोग आए बेंगलुरू

बेंगलुरु रूरल डिप्टी कमिश्नर के श्रीनिवास ने बताया कि 1 से 26 नवंबर तक यहां साउथ अफ्रीका से कुल 94 लोग आए हैं। इनमें दो रेगुलर वायरस से संक्रमित मिले। दोनों भारतीय ही हैं। 1 से 26 नवंबर तक 10 हाई रिस्क वाले देशों से 584 लोग भी बेंगलुरू आए हैं। देश में कोरोना का संक्रमण फिर से चिंताजनक हालात पैदा कर रहा है। 10 बड़े राज्यों में पिछले 30 दिन में 2400 स्टूडेंट कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 1700 स्टूडेंट महाराष्ट्र के हैं। संक्रमित होने वाले ज्यादातर छात्र शादी-पार्टियों में या तो खुद शामिल हुए थे, या उनके परिजन किसी कार्यक्रम से लौटे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *