जयपुर: जयपुरिया हॉस्पिटल के पूर्व अधीक्षक डॉ. एस.एस. राणावत के खिलाफ महिला उत्पीड़न के आरोप में चल रही जांच की रिपोर्ट आज चिकित्सा विभाग को पेश कर दी गई है। सरकार ने चिकित्सा शिक्षा आयुक्त शिवांगी स्वर्णकार की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई थी। इस कमेटी ने आज अपनी रिपोर्ट प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा विभाग को सौंपी है। गठित कमेटी में स्वर्णकार के अलावा डॉ. डीएस मीणा और डॉ. प्रभा ओम सदस्य नियुक्त किए गए थे। शिवांगी स्वर्णकार ने बताया कि गुप्त रिपोर्ट सरकार को भेजी गई है। आगे की कार्रवाई के संबंध में अब सरकार को तय करना है।
महिला को केबिन में बुला अभद्रता की
जयपुरिया हॉस्पिटल में अधीक्षक डॉ. राणावत के खिलाफ वहां काम करने वाली एक क्लर्क ने चिकित्सा विभाग में को शिकायत की थी। महिला ने शिकायत में कहा था कि उसकी नियुक्ति 3 माह पहले अस्पताल में हुई थी। कुछ दिनों से अधीक्षक घर पर चाय के लिए दबाव बना रहे थे। अधीक्षक ने 1 अक्टूबर को 4 बजे कार्यालय में पत्रों के संबंध में चर्चा के लिए केबिन में बुलाया। इसी दौरान उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी। इसी दौरान महिला के पति को इस संबंध में सूचना दी गई। पति के अस्पताल पहुंचने पर डॉ. राणावत अस्पताल से फरार हो गए।
अधीक्षक और उपाधीक्षक पद से हटाया
डॉ. राणावत के खिलाफ मिली शिकायत और बजाज नगर थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद चिकित्सा विभाग ने राणावत के खिलाफ एक्शन लेते हुए हॉस्पिटल के अधीक्षक पद से हटाया था। इसके बाद अगले ही दिन विभाग ने राणावत को एसएमएस अस्पताल में उपाधीक्षक पद से भी हटा दिया था।
