नई दिल्ली: यदि आप इलेक्ट्रिक गाड़ियां खरीदना चाहते हैं और कीमत की वजह से पीछे हट रहे हैं तो फिर आपके लिए यह अहम खबर है। केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अगले दो साल में पेट्रोल और इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत बराबर होने का दावा किया है। उनका कहना है कि दो साल बाद पेट्रोल और इलेक्ट्रिक गाड़ियां एक ही कीमत पर बिकनी शुरू हो जाएंगी। इलेक्ट्रिक कार की बिक्री को बढ़ाने के लिए सरकार हर संभव कोशिश कर रही है। फेम स्कीम के तहत इन वाहनों पर सब्सिडी दी जा रही है। हालांकि इसके बाद भी इनकी कीमत पेट्रोल और डीजल गाड़ियों के मुकाबले बहुत ज्यादा है। ऐसे में केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भरोसा दिलाया है कि अगले 2 साल में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की कीमतें पेट्रोल-डीजल की गाड़ियों के बराबर हो जाएंगी।
गडकरी ने द सस्टेनेबिलिटी फाउंडेशन, डेनमार्क की ओर से कराए एक वेबिनार में कहा कि इलेक्ट्रिक व्हीकल को चलाने की लागत पेट्रोल वाहनों की तुलना में बहुत कम है। इसलिए बहुत जल्द ही इन्हें बड़े स्तर पर अपनाया जाएगा। इससे इनकी कीमत में भी कमी आएगी। उन्होंने दावा किया कि दो साल बाद पेट्रोल और इलेक्ट्रिक गाड़ियां एक ही कीमत पर बिकनी शुरू हो जाएंगी। इलेक्ट्रिक वाहनों की जीएसटी महज 5 फीसदी है, जबकि पेट्रोल वाहनों पर यह काफी ज्यादा है।
ई-व्हीकल पर GST सिर्फ 5%
इलेक्ट्रिक वाहनों की उच्च लागत पर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए, गडकरी ने कहा कि पेट्रोल वाहनों पर 48 प्रतिशत के मुकाबले ई-वाहनों पर जीएसटी सिर्फ पांच प्रतिशत है। लिथियम बैटरी की उच्च लागत, जिसने इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमत को बढ़ा दिया, हालांकि भविष्य में लिथियम के ज्यादा प्रोडक्शन से कीमतों में कमी आएगी। इसकी वजह से इलेक्ट्रिक वाहन की कीमत में भी गिरावट देखने को मिलेगी।
इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग पॉइंट पर लगातार काम हो रहा
सरकार का लक्ष्य भारत को इलेक्ट्रिक व्हीकल का मैन्युफैक्चरिंग सेंटर बनाना है। वर्तमान में बजाज और हीरो जैसी भारतीय टू-व्हीलर कंपनियों के बनाए 50% ई-वाहनों का निर्यात किया जाता है। इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग प्वाइंट की उपलब्धता के मुद्दे पर गडकरी ने कहा कि अगले दो साल में देश में कई चार्जिंग प्वाइंट बनेंगे। सड़क के साथ-साथ बाजार क्षेत्रों में 350 चार्जिंग पॉइंट लगाने की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी गई है। पेट्रोल पंपों को भी अपने कैंपस में ई-वाहन चार्जिंग सुविधाएं लगाने की इजाजत दी गई है।
गडकरी ने कहा कि भारत में बहुत सारे इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों के पास अपने चार्जर भी हैं। गडकरी ने कहा कि “देश में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अच्छी रफ्तार हासिल कर रही है।” गडकरी ने कहा कि ई-वाहनों के किफायती होने पर यह लोगों को परिवहन के इस मोड को चुनने के लिए आकर्षित करेगी।
