जयपुर। भाजपा ने राजस्थान में देश का सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल बिकने पर राज्य की गहलोत सरकार को आड़े हाथों लिया। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि राजस्थान में देश का सबसे ज्यादा वैट लग रहा है। इस कारण राजस्थान में देश में सबसे ज्यादा पेट्रोल-डीजल की कीमतें हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री गहलोत से वैट की रेट्स घटाने की मांग करते हुए कहा कि 10 रुपए और पेट्रोल-डीजल सस्ता किया जाए।
पूनियां ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी और कम करने की मांग पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने पेट्रोल पर 5 रुपए और डीजल पर 10 रुपए एक्साइज ड्यूटी कम की है। जिससे पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी आई है। लेकिन साथ ही केन्द्र सरकार ने राज्यों को वैट और घटाने के लिए अपील की है। पड़ोसी राज्य मध्यप्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, यूपी ने वैट को और एक्स्ट्रा कम किया है। राजस्थान को भी इसके लिए कदम उठाना चाहिए। ताकि राजस्थान में भी लोगों को 10 रुपए और कम रेट पर सस्ता पेट्रोल और डीजल मिले।
जयपुर और श्रीगंगानगर में देश की सबसे महंगी पेट्रोल-डीजल रेट्स
जयपुर में पेट्रोल की रेट 111.10 रुपए प्रति लीटर है,जबकि डीजल की रेट 95.71 रुपए लीटर है। जबकि श्रीगंगानगर में जयपुर से भी ज्यादा महंगे पेट्रोल-डीजल हैं। जहां पेट्रोल की रेट 116.34 रुपए लीटर और डीजल की रेट 100.53 है। यानी गंगानगर में जयपुर से भी 5.24 रुपए लीटर महंगा पेट्रोल और 4.82 रुपए महंगा डीजल बिक रहा है।
पड़ोसी राज्य और राजस्थान: पेट्रोल-डीजल के भावों पर एक नजर
राजस्थान से लगी मध्यप्रदेश सीमा के रतलाम में में पेट्रोल 107.32 रुपए और डीजल 90.68 रुपए लीटर है। इसी तरह श्रीगंगानगर से लगी पंजाब सीमा पर पेट्रोल 105.02 रुपए प्रति लीटर और डीजल 88.76 रुपए प्रति लीटर है। पंजाब में जयपुर से पेट्रोल 6.08 रुपए और डीजल 6.95 रुपए सस्ता है। पंजाब और श्रीगंगानगर के भावों में तो इतना अंतर है कि यहां के लोग पहले से ही पंजाब से पेट्रोल व डीजल लाते हैं। हनुमानगढ़ के नोहर तथा निकटवर्ती हरियाणा के सिरसा में तो पेट्रोल व डीजल के भावों में बहुत बड़ा अंतर हैं। सिरसा में जहां पेट्रोल96.98 रुपए व डीजल 88.30 रुपए है जबकि नोहर में पेट्रोल 114.81 तथा डीजल 99.12 रुपए है। यानी पेट्रोल में 17 रुपए के करीब का बड़ा अंतर है,जबकि डीजल दरों में भी दस रुपए से अधिक का फर्क हैं। जयपुर से हरियाणा में पेट्रोल 10.02 रुपए और डीजल 6.87 रुपए लीटर सस्ता है।
केन्द्र शासित प्रदेश और पंजाब-हरियाणा की राजधानी चण्डीगढ़ में पेट्रोल 94.23 रुपए लीटर और डीजल 80.90 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। चण्डीगढ़ में पेट्रोल 16.87 रुपए और डीजल 14.81 रुपए जयपुर के मुकाबले सस्ता है। केन्द्र शासित प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 103.97 रुपए लीटर और डीजल 86.67 रुपए लीटर है। देश की राजधानी में भी जयपुर से पेट्रोल 7.13 रुपए और डीजल 9.04 रुपए लीटर सस्ता है।पड़ोसी राज्य उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ में पेट्रोल 95.28 रुपए और डीजल 86.80 रुपए लीटर है। लखनऊ में भी जयपुर से पेट्रोल 15.82 रुपए और डीजल 8.91 रुपए लीटर सस्ता है।

