Headlines

पुडुचेरी में स्कूटर पर मौत की आतिशबाजी, पिता और 7 साल के बेटे की मौत

पुडुचेरी

पुडुचेरी : तमिलनाडु में दिवाली के दिन चलते स्कूटर में बीच सड़क पर धमाका हुआ। इस घटना में पिता और उसके 7 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों पटाखे खरीदकर घर लौट रहे थे। जिस बैग में वे पटाखे लेकर जा रहे थे उसमें अचानक धमाका हुआ और दोनों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अरियानकुप्पम के कलैनेसन (37) के रूप में हुई है। वो अपने 7 साल के बेटे प्रदीश के साथ पटाखे लेकर पुडुचेरी की ओर जा रहे थे। घटना पुडुचेरी-वेल्लुपुरम सीमा पर कोट्टाकुप्पम शहर की है। हादसा पास के ही एक सीसीटीवी में कैद हो गया।

कोट्टाकुप्पम के पास हुआ पटाखों में विस्फोट

पुलिस द्वारा जारी सीसीटीवी फुटेज में कलैनेसन स्कूटर पर सवार नजर आ रहे हैं, जबकि उनका बेटा बैग पकड़े हुए है। पुलिस ने बताया कि कोट्टाकुप्पम के पास पटाखों में विस्फोट हुआ और दोनों स्कूटर से 10-15 मीटर दूर जा गिरे। विस्फोट से 3 अन्य मोटर चालक – गणेश (45), सैयद अहमद (60), और विजी आनंद (36) को भी गंभीर चोटें आईं। इन सभी को पुडुचेरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

पुडुचेरी

दो बैग देसी पटाखे खरीदे, मामला दर्ज

विल्लुपुरम के DIG एम पांडियन और SP एन श्रीनाथ ने घटनास्थल का मुआयना किया। श्रीनाथ ने कहा कि कलैनेसन ने 3 नवंबर को पुडुचेरी से ‘नाट्टू पट्टासु’ (देसी पटाखे) के दो बैग खरीदे थे और इसे अपने ससुराल में रखा था। दिवाली के दिन वह कूनीमेदु से एक बैग लेकर पुडुचेरी की ओर जा रहा था, उसी दिन दुर्घटना हुई है। हो सकता है कि पटाखों में गर्मी के कारण विस्फोट हुआ हो। पुलिस ने कुनीमेदु से देशी पटाखों का एक बोरी जब्त किया है और भारतीय दंड संहिता और विस्फोटक अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *