Headlines

आनंद महिंद्रा ने निभाया वादा, गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा और सुमित अंतिल को गिफ्ट की स्पेशल कस्टमाइज XUV700

पानीपत : महिंद्रा एंड महिंद्रा के आनंद महिंद्रा ने टोक्यो ओलिंपिक में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने वाले पानीपत के नीरज चोपड़ा और सोनीपत के सुमित अंतिल से किया वादा पूरा कर दिया। आनंद महिंद्रा की तरफ से महिंद्रा की नई नवेली XUV700 कार दोनों के घर पहुंच चुकी है। नीरज चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कार के साथ फोटो शेयर कर आनंद महिंद्रा का धन्यवाद किया है। उन्होंने जल्द ही कार चलाने की बात कही है। आनंद महिंद्रा ने अपना वादा निभाते हुए शनिवार को XUV700 नीरज चोपड़ा के खंड़रा गांव स्थित घर पहुंचा दी।

नीरज की गाड़ी का नंबर भी है स्पेशल

नीरज चोपड़ा को गिफ्ट की गई महिंद्रा XUV700 का नंबर भी बहुत स्पेशल है। इस गाड़ी का नंबर 8758 है। टोक्यो ओलिंपिक में नीरज चोपड़ा ने 87.58 मीटर दूर जेवलिन फेंककर ही गोल्ड जीता था। इसी कारण गाड़ी का नंबर भी यही रजिस्टर्ड करवाया गया है। आनंद महिंद्रा ने इस संबंध में ट्वीट किया है। उन्होंने सचिन राय नाम के यूजर के ट्वीट को रिट्वीट कर लिखा है कि, वह इसी का इंतजार कर रहे थे कि कौन सबसे पहले इसे नोटिस करता है। आपके पास बाज जैसी आंख है। वहीं, सुमित अंतिल को गिफ्ट की गई XUV700 गाड़ी पर अभी नंबर नहीं लगा है।

neeraj chaupra 1635667315

लिखा है नीरज और सुमित का बेस्ट थ्रो

नीरज चोपड़ा के लिए गिफ्ट की गई XUV700 पर स्पेशल कस्टमाइजेशन की गई है। ब्लैक कलर की SUV पर नीरज का बेस्ट थ्रो (87.58) लिखा हुआ है। इसके साथ नीरज का थ्रोइंग पोज भी बना हुआ है। वहीं सुमित अंतिल की गाड़ी पर भी उनका बेस्ट थ्रो (68.55) थ्रोइंग पोज के साथ कस्टमाइज किया गया है।

नीरज ने किया धन्यवाद

आनंद महिंद्रा की ओर से गिफ्ट मिलने के बाद नीरज चोपड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्हें धन्यवाद किया है। उन्होंने स्पेशल कस्टमाइजेशन की तारीफ की और जल्द ही SUV का आनंद लेने का वादा किया है।

XUV700

सबसे पहली गाड़ी सुमित अंतिल को

पैरालिंपिक गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले विजेता सोनीपत के सुमित अंतिल को भी आनंद महिंद्रा ने नई महिंद्रा XUV700 गिफ्ट की है। टोक्यो में जेवलिन थ्रोअर सुमित अंतिल ने पुरुषों (एफ 64 वर्ग) के फाइनल मुकाबले में स्वर्ण पदक जीता था। सुमित ने 68.55 मीटर दूर भाला फेंककर गोल्ड मेडल अपने नाम किया और यह थ्रो वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बन गया। ओलंपिक खेलों के बाद आनंद महिंद्रा ने सभी गोल्ड मेडल विनर्स को यह गाड़ी देने का ऐलान किया था। आज सुमित अंतिल को यह गाड़ी गिफ्ट की गई है, आनंद महिंद्रा ने ट्वीट करके इस बारे में जानकारी दी है। नई एसयूवी Mahindra XUV700 की सबसे पहली गाड़ी सुमित को दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *