Headlines

जयपुर में टैक्सी बाइक चलाने वाले युवक की गोली मार कर की गई हत्या

जयपुर में टैक्सी बाइक चला रहे युवक की गोली मारकर हत्या

जयपुर: राजधानी जयपुर के सांगानेर सदर इलाके में रविवार रात को एक युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अभी तक हत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक शव की शिनाख्त रिंकू कुमार मीणा (25) पुत्र रामखिलाड़ी मीणा के रुप में हुई है। रिंकू पिछले कुछ महीनों से जयपुर में टैक्सी बाइक चलाने का काम करता था। वह गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास किराए से कमरा लेकर रहता था। वह दौसा जिले में मंडावर तहसील के गांव हिंगोटा का रहने वाला था। वह पिछले करीब 20-25 दिनों से कमरे पर नहीं गया था।

सांगानेर सदर थाना पुलिस को रविवार रात करीब 12 बजे सूचना मिली थी कि एक युवक लहूलुहान हालत में सांगानेर जाने वाली रोड पर होम्योपैथी यूनिवर्सिटी के समीप ही खातियों की ढाणी के पास सड़क किनारे पड़ा है। तब गश्त पर मौजूद पुलिस गाड़ी मौके पर पहुंची। आसपास का इलाका काफी सूनसान था। मौका मुआयना करने पर सामने आया कि युवक की सिर में गोली मारकर हत्या की गई है।

घटनास्थल पर पुलिस को मृतक के कपड़ों की जेब में मोबाइल फोन, आईडी कार्ड और पर्स मिला है। इससे पुलिस ने जयपुर में ही आगरा रोड पर रहने वाले रिंकू मीणा के भाई मानसिंह से संपर्क कर शव की शिनाख्त की। तब पता चला कि रिंकू टैक्सी बाइक चलाता था। वह तीन-चार दिन पहले ही गांव में वक्त बीताकर दोबारा जयपुर आया था।

घटनास्थल पर नहीं मिली बाइक

पुलिस को घटनास्थल पर रिंकू की बाइक नहीं मिली है। लेकिन मोबाइल, पर्स और आईडी मिल गई है। पुलिस के लिए बड़ा सवाल है कि सिर्फ बाइक लूटने के लिए हत्या की गई तो लुटेरे ने मोबाइल व पर्स क्यों नहीं लूटा। साथ ही, यह भी अंदेशा है कि रिंकू की बाइक कहीं और खड़ी हो।

वारदात में शामिल व्यक्ति उसे अपने साथ वहां तक लेकर आए और किसी रंजिश में उसकी हत्या कर दी हो। इसलिए पुलिस लूट के लिए हत्या की आशंका के अलावा अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल कर रही है। इस संबंध में रिंकू मीणा के भाई मानसिंह ने हत्या का केस दर्ज करवाया है। सोमवार दोपहर को पुलिस ने शव का महात्मा गांधी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद परिजन शव को पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *