नई दिल्ली : पंजाब में सियासी घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आज दिल्ली पहुंच गए। पहले यह कहा जा रहा था कि वे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि, पहले उनके मीडिया सलाहकार ने और बाद में खुद कैप्टन ने दिल्ली पहुंचकर इन अटकलों को खारिज कर दिया। अमरिंदर ने कहा कि मैं दिल्ली में किसी नेता से नहीं मिलूंगा। मैं यहां अपना बंगला खाली करने आया हूं।
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू से अनबन होने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने इसी महीने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं इस्तीफे के बाद अमरिंदर लगातार कांग्रेस के बड़े नेताओं पर हमला बोल रहे थे। उन्होंने दर्द बयां करते हुए कहा था कि पार्टी के अंदर उनका अपमान किया गया, जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री पद छोड़ने का फैसला लिया था। अमरिंदर सिंह ने यह तक कहा था कि पंजाब चुनाव 2022 में अगर कांग्रेस जीतती भी है तो वह नवजोत सिंह सिद्धू को सीएम नहीं बनने देंगे।
मीडिया सलाहकार ने भी अटकलों को किया खारिज
कैप्टन के दिल्ली पहुंचने से पहले उनके मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने कहा कि अमरिंदर सिंह के दिल्ली दौरे के बारे में बहुत कुछ कहा जा रहा है। वे व्यक्तिगत यात्रा पर हैं। इस दौरान वे कुछ दोस्तों से मिलेंगे। वे नए सीएम के लिए कपूरथला का घर भी खाली करने वाले हैं। अनावश्यक अटकलों की जरूरत नहीं है।
