जयपुर : टोक्यो पैरालिंपिक में पदक जीत कर देश का नाम रोशन करने वाले राजस्थान के खिलाड़ी शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दिल्ली से जयपुर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों का एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। खिलाड़ियों को खेल मंत्री अशोक चांदना और विधायक कृष्णा पूनिया समेत खेल विभाग के आला अधिकारी एयरपोर्ट पर रिसीव करने पहुंचे। यहां से खिलाड़ी का स्वागत और जुलूस निकाल के रूप में सवाई मानसिंह स्टेडियम पहुंचे। जहां राज्य सरकार द्वारा खिलाड़ियों को 10 करोड़ रुपए इनाम की राशि दी गई है।
राज्य सरकार द्वारा टोक्यो पैरालिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने पर तीन करोड़, सिल्वर मेडल जीतने पर दो करोड़ और ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर एक करोड रुपए इनामी राशि दी गई। जिसके तहत अवनि लेखरा को गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर 4 करोड रुपए, कृष्णा नागर को गोल्ड मेडल जीतने पर 3 करोड रुपए, देवेंद्र झांझड़िया को सिल्वर मेडल जीतने पर दो करोड़ रुपए और सुंदर गुर्जर को ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर एक करोड़ रुपए का चैक दिया गया। इसके साथ ही सरकार द्वारा प्रत्येक खिलाड़ी को सरकारी नौकरी, शहरी क्षेत्र में प्लॉट और ग्रामीण इलाके में 25 बीघा कृषि भूमि देने की भी घोषणा की गई।
खेल मंत्री अशोक चांदना ने कहा कि राजस्थान में सरकार का सिर्फ एक ही लक्ष्य है, खेल और खिलाड़ी दोनों को आगे लाया जाए। इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि में इजाफा करने के साथ ही आउट ऑफ द टर्म पॉलिसी बनाकर खिलाड़ियों को नौकरी दी जा रही है। ताकि भविष्य में कभी भी खिलाड़ी को जीवन यापन के लिए परेशानी का सामना ना करना पड़े। चांदना ने कहा कि आने वाले वक्त में राजस्थान के खिलाड़ी दुनियाभर में फिर से जीत का परचम लहराएंगे।
बता दें की टोक्यो पैरालंपिक में राजस्थान से चार खिलाड़ियों ने 5 पदक जीत देश का मान बढ़ाया है। इनमें अवनि लेखरा ने शूटिंग में गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल जीता है। कृष्णा नागर ने SH-6 बैडमिंटन कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीता है। देवेंद्र झाझड़िया ने जैवलिन थ्रो में सिल्वर और सुंदर गुर्जर ने जैवलिन थ्रो में ही ब्रॉन्ज मेडल जीता है।
इस दौरान अवनी लेखरा, कृष्णा नागर, देवेंद्र और सुंदर ने भी सम्मानित होने पर प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वक्त में देश और प्रदेश दोनों ही जगह पर खेल के प्रति लोगों की मानसिकता बदली है। जिसकी वजह से ओलिंपिक और पैरालिंपिक में खिलाड़ी पहले के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन कर पा रहे हैं।

