जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के समक्ष आज प्रतापगढ़ नगर परिषद की भाजपा से सभापति राम कन्या गुर्जर, प्रतापगढ़ नगर परिषद की भाजपा सदस्या पूजा गुर्जर एवं प्रतापगढ़ नगर परिषद के भाजपा से पूर्व पार्षद प्रहलाद गुर्जर ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
राम कन्या गुर्जर, पूजा गुर्जर एवं प्रहलाद गुर्जर ने कहा कि भाजपा की नीतियां महिला एवं आमजन विरोधी हैं और भाजपा विकास के अपने वादों से दूर होती जा रही है। प्रतापगढ़ नगर परिषद की सभापति और पार्षदों ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि विगत ढाई वर्षों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार द्वारा प्रतापगढ़ जिले में विकास के कार्यो की जो सौगातें दी गई उससे प्रभावित होकर, स्थानीय विधायक रामलाल मीणा के जिले के विकास के प्रति सोच को देखते हुए और भविष्य में नगर परिषद क्षेत्र एवं सम्पूर्ण जिले के विकास के लिये कांग्रेस पार्टी के साथ मिलकर विकास को नये आयाम देंगे। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के नेतृत्व के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिये समर्पित होकर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय सचिव ललित तूनवाल, सदस्य एआईसीसी आर. सी. चौधरी सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
