जयपुर। सरकारी मुख्य सचेतक और हवामहल विधायक डॉ महेश जोशी ने करोड़ों की लागत से शुरू होने वाले विकास कार्यों की सौगातें आज अपने विधानसभा क्षेत्र को दीं। विकास कार्यों की सौगातें देने के लिए डॉ महेश जोशी ने बड़ा दिल दिखाया। पार्टीवाद से ऊपर उठकर उन वार्डो में भी सौगातें दीं जहां बीजेपी और निर्दलीय पार्षद जीते। उन्होंने आज हवामहल विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 12, 13,14,20 और 22 में विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
जयसिंहपुरा खोर की शारदा कॉलोनी, गायत्री कॉलोनी, बंदडा किल्लनगढ़ और गणेश विहार सहित आस पास के इलाकों में सीसी सड़कों का नवीनीकरण कार्य शुरू हुआ। इसी के साथ करबला चौराहे से चुंगी सर्किल तक नाले की आरसीसी कवरिंग का कार्य शुरू हुआ।
डॉ. जोशी ने बासखो हाउस एवं कोली बस्ती और वार्ड 20 में सीसी सड़क कार्य का भी शिलान्यास किया।
सभी वार्डों में शिलान्यास के दौरान डॉ महेश जोशी के साथ डिप्टी मेयर असलम फारूकी सहित संबंधित वार्ड के बीजेपी और निर्दलीय पार्षद भी मौजूद रहे।
शिलान्यास कार्यों के दौरान विभिन्न इलाकों में डॉ महेश जोशी और अन्य जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से अभिनन्दन किया गया तथा क्षेत्र की जनता ने विकास कार्यों की सौगातों के लिए डॉ महेश जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।

