जयपुर। दी बार एसोसिएशन एवं जिला बार एसोसिएशन की ओर से राज्य में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर किया जा रहा आंदोलन आज परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। खाचरियावासने विधानसभा के इसी सत्र में इस कानून को लागू करने का आश्वासन दिया जिस पर वकील मान गए और विधानसभा तक अपना आंदोलन स्थगित कर दिया। वकील इस मांग को लेकर पिछले 19 दिनों से क्रमिक धरना दिए हुए थे। इस मांग को लेकर मौन जुलूस व रैली भी निकाली थी।
दी बार एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष अनिल चौधरी व महासचिव सतीश शर्मा ने बताया कि परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास आज धरना स्थल पर पहुंचे और विधानसभा के इसी मानसून सत्र में इस कानून को पारित कर लागू करने का आश्वासन दिया। खाचरियावास के इस आश्वासन के बाद धरना स्थगित कर दिया गया। इस अवसर पर राजस्थान बार कौंसिल के पूर्व चेयरमैन शाहिद हसन, संजय शर्मा, कपिल माथुर, डॉ.महेश शर्मा डिस्ट्रीक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ.सुनील शर्मा, महासचिव गजराज सिंह राजावत सहित सैंकड़ोंं वकील उपस्थित थे।
खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में यह वादा किया है उसके लिए वे वचनबद्ध हैं। उनकी बात सरकार तक पहुंच चुुकी हैँ। मंंत्री के इस आश्वासन पर वकील संतुष्ट हो गए और आंदोलन को विधानसभा सत्र तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
