Headlines

अब हिन्दी में भी होगी इंजीनियरिंग की पढ़ाई : राज्यपाल ने RTU को कोर्स तैयार करने को कहा

जयपुर : राजभवन से RTU कोटा के आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि तकनीकी शिक्षा से जुड़ी पाठ्यसामग्री अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी और स्थानीय भाषाओं में भी तैयार करवाई जाए। स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप विद्यार्थियों में तकनीकी कौशल और दक्षता विकास के लिए प्रयास किए जाने पर भी बल दिया जाए। राज्यपाल ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के महत्व को देखते हुए ही नई शिक्षा नीति में इसकी गुणवत्ता और व्यावहारिक प्रसार पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने तकनीकी शिक्षण संस्थाओं और विश्वविद्यालयों से शिक्षण प्रक्रिया में सुधार, शिक्षकों के गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की दिशा में लगातार प्रयास करने का आह्वान किया।

राज्यपाल कलराज मिश्र ने RTU कोटा के नए भवनों लैब्स, टेनिस कोर्ट, एयरोनॉटिकल लैब, कैफेटेरिया, 300 किलोवॉट रूफटॉप सोलर प्लांट और रिसर्च हब का ऑनलाइन लोकार्पण किया।

ऑनलाइन शिक्षा एक तरफा बनकर नहीं रह जाए

राज्यपाल मिश्र ने कहा कि कोविड के दौर में जारी ऑनलाइन शिक्षा एक तरफा बन कर नहीं रह जाए। इसमें भी शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच लगातार दोनों तरफ से संवाद बनाए रखने पर ज़ोर देना चाहिए। साथ ही तकनीकी शिक्षा में जीवन व्यवहार की शिक्षा से जुड़े पाठ्यक्रमों को पर्याप्त जगह मिलनी चाहिए। यदि तकनीकी पाठ्यक्रमों से कला और संस्कृति से जुड़े विषयों को जोड़ा जाएगा, तो तकनीकी शिक्षा बोझिल नहीं होगी और विद्यार्थियों को भी पढ़ने में आनन्द आएगा।

तकनीकी शिक्षा ऐसी हो कि दूसरों को भी रोज़गार देने लायक बनें युवा

राज्यपाल ने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी तकनीकी शिक्षा दी जाए, जिससे वे खुद के साथ दूसरों को भी रोज़गार देने लायक बन सकें। उन्होंने इसके लिए विश्वविद्यालय में ‘स्किल डवलपमेंट सेंटर्स’ की अलग से स्थापना करने का सुझाव भी दिया। साथ ही उम्मीद जताई कि राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय में विकसित की गई नई लैब्स से विद्यार्थियों को शोध के व्यावहारिक पक्ष को समझने में मदद मिलेगी।

विश्वविद्यालय में रिसर्च वर्क को भी नई दिशा मिलेगी। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. आर.ए. गुप्ता ने अपने उद्बोधन में विश्वविद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन पेश किया। राज्यपाल ने सभी को संविधान की उद्देश्यिका और मूल कर्तव्यों का वाचन करवाया। राज्यपाल के सचिव सुबीर कुमार, आरटीयू के रजिस्ट्रार नरेश कुमार मालव सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी,कर्मचारी ऑनलाइन कार्यक्रम में जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *