Headlines

काबुल एयरपोर्ट पर मची भगदड़,7 लोगों की मौत

नई दिल्ली : अफगानिस्तान में तालिबानी हुकूमत के बीच काबुल से एक बड़ी खबर है। काबुल एयरपोर्ट के अंदर पहुंचने के लिए मची भगदड़ में अफगानिस्तान के 7 लोगों की मौत हो गई है। ये जानकारी ब्रिटिश मिलिट्री ने दी है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन स्थिति को संभालने के साथ ही लोगों की सुरक्षा की पूरी कोशिश कर रहे हैं। बता दें अफगानिस्तान छोड़ने वाले लोगों की काबुल एयरपोर्ट पर भारी भीड़ है। दूसरी तरफ तालिबान अफगानियों को देश छोड़ने से रोक रहा है। एयरपोर्ट आने वाले रास्तों पर तालिबान का पहरा है और तालिबानी हर आने-जाने वाले की जांच कर रहे हैं।

काबुल से 168 लोग भारत आए

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल से 168 लोगों को लेकर वायुसेना का विमान गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस पहुंचा है। इनमें 107 भारतीय हैं। इनमें भारतीय मूल के अफगानी सांसद नरेंदर सिंह खालसा, अनारकली होनरयार और इनके परिवार भी शामिल हैं। होनरयार और खालसा उन लोगों में शामिल थे जिन्हें तालिबान शनिवार को काबुल एयरपोर्ट से अपने साथ ले गया था। तालिबान ने कहा था कि ये अफगानी हैं इसलिए देश नहीं छोड़ सकते। हालांकि, बाद में इन्हें छोड़ दिया गया। भारत पहुंचने पर नरेंदर सिंह खालसा भावुक हो गए।

एयर इंडिया के विमान से लौटे 87 लोग

वहीं काबुल से निकाले गए 87 अन्य भारतीय भी आज सुबह एयर इंडिया के विमान से दिल्ली पहुंचे थे। इनमें 2 नेपाली भी शामिल हैं। वतन वापसी की खुशी में भारतीयों ने फ्लाइट के अंदर ही भारत माता के जयकारे लगाए। इन्हें पहले तजाकिस्तान की राजधानी दुशाम्बे और कतर की राजधानी दोहा पहुंचाया गया था। वहां से बीती रात इन्हें भारत रवाना किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *