जयपुर : जयपुर जिले में 20 अगस्त से 22 अगस्त तक तीन दिन अवकाश के दौरान राजकीय कार्यालय खुलेंगे। यह फैसला 26 अगस्त से पहले चरण के होने जा रहे पंचायत चुनाव को देखते हुए लिया गया है। बता दें कि 20 अगस्त को मोहर्रम, 21 को शनिवार और 22 अगस्त को रक्षाबंधन व रविवार का अवकाश है, लेकिन इससे पहले ही गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं कलेक्टर अन्तर सिंह नेहरा ने यह आदेश जारी किया है।
आदेश में कहा गया है कि जिले में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2021 के कार्य को ध्यान में रखते हुए पंचायत चुनाव से संबंधित ड्यूटी आदेश की प्राप्ति के लिए जिम्मेदार कर्मचारी कार्यालय 20 अगस्त से 22 अगस्त तक अवकाश के दौरान एवं अन्य सभी राजकीय अवकाश के दौरान भी कार्यालय समय से पहले एवं बाद में भी सम्बन्धित कार्यालयों में उपस्थित रहें। आदेश की अवहेलना करने पर कार्यालयाध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी, कर्मचारी के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर नेहरा ने इस संबंध में राजकीय कार्यालयों के कार्यालयाध्यक्ष को यह आदेश लागू करवाने के लिए निर्देश दिए हैं।
तीन चरणों में होंगे चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायती राज चुनाव में शेष रहे 12 में से 6 जिलों में चुनाव की घोषणा गत 5 अगस्त को की थी। इसके साथ इन छह जिलों में आचार संहिता लागू हो गई थी। ये चुनाव तीन चरणों में होंगे। इसके बाद मतगणना 4 सितंबर को सुबह 9 बजे से शुरु होंगी। इन छह जिलों में 200 जिला परिषद सदस्य, 1564 पंचायत समिति सदस्य, 6 जिला प्रमुख/उप जिला प्रमुख और 78 प्रधान व उप प्रधानों के लिए चुनाव होंगे। इनमें नामांकन की अंतिम तिथि 16 अगस्त है। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 18 अगस्त है। इनमें पहले चरण का मतदान 26 अगस्त को, दूसरे चरण का मतदान 29 अगस्त और तीसरे चरण का मतदान 1 सितंबर को सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक होगा।

