डोटासरा का केंद्र पर तंज: बोले- संचार क्रांति राजीव गांधी की देन, सत्ता में बैठे लोग कर रहे है इसका गलत इस्तेमाल

जयपुर : पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 77वीं जयंती पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने केंद्र सरकार पर एक बार फिर जासूसी के आरोप लगाते हुए जुबानी हमला बोला है। डोटासरा ने कहा कि देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। सब की जासूसी हो रही है। जिस राजीव गांधी ने देश को संचार क्रांति के माध्यम से दुनिया पर कब्जा करने का अधिकार दिया, उसी संचार क्रांति से सत्ता में बैठे लोग हमारे देश के प्रमुख लोगों की जासूसी करवा रहे हैं। इससे बड़ा दुर्भाग्य नहीं हो सकता है। डोटासरा प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राजीव गांधी जयंती पर हुए कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

डोटासरा ने कहा, आज जो संचार क्रांति हम देख रहे हैं, वह राजीव गांधी की ही देन है। आज ग्लोबलाइजेशन के जमाने में कंप्यूटर और मोबाइल हाथ में होने से पूरी दुनिया हमारी मुट्ठी में है। दुर्भाग्य से ऐसी ताकतें देश में सत्ता में आ गई हैं, जो राजीव गांधी के सपने का दुरुपयोग कर रही हैं। राजीव गांधी का सपना 21वीं सदी की संचार क्रांति लेकर आने का था।

उनके सपने का दुरुपयोग कर हमारे ही देश के नेताओं और अन्य लोगों के फोन चेक करवा कर जासूसी करवा रहे हैं। मैं समझता हूं यह सपना तो राजीव गांधी या देश के किसी नागरिक ने नहीं देखा था। राजीव गांधी की नीतियों ने देश को आगे बढ़ाया। उन्होंने बहुत पहले देश को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा, और उस सपने को मूर्त रूप दिया। पंचायतीराज की मजबूती से लेकर युवाओं को वोटिंग राइट देने तक कई काम राजीव गांधी ने किए। देश की तरक्की में उनका बहुत बड़ा योगदान है। गवर्नेंस से लेकर हर सेक्टर में उनका जो विजन था, उससे देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने का रास्ता मिला।

डोटासरा ने कहा कि किसान परेशान हैं। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा है। आज राजीव गांधी के जयंती दिवस पर हम संकल्प लेते हैं कि ऐसे लोगों का पर्दाफाश करेंगे और सत्ता से बाहर करेंगे। हमारा दुर्भाग्य रहा, देश का दुर्भाग्य है कि राजीव गांधी एक आतंकवादी संगठन के हाथों आतंकी घटना में शहीद हो गए। आज किसान कितने परेशान हैं, 10 महीने से उनकी कोई सुनने वाला नहीं है।

gandhi advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *