ट्रॉले और कार में भिड़ंत,गोवर्धन परिक्रमा करके लौट रहे 5 की मौत

अलवर: अलवर के पास रविवार को ट्रॉले और कार की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग घायल हो गए हैं। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार के आगे का हिस्सा अलग हो गया। इसे देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि कार और ट्रॉले की टक्कर स्पीड में हुई है। पुलिस ने बताया कि ट्रॉले को जब्त कर उसके ड्राइवर को भी हिरासत में ले लिया है। मरने वालों में 4 भाई-बहन और जीजा शामिल हैं। सभी गोवर्धन से गिरिराजजी की परिक्रमा कर लौट रहे थे। दंपती का 10 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल है। 5 सीटर कार में 8 सवारी बैठी थीं। हादसा कठूमर के पास तुसारी मोड़ पर हुआ था।

एक दिन पहले वृंदावन निकले थे

दरअसल, सीकर के भागेसर में रहने वाले सुरेंद्र सिंह पत्नी व 10 साल के बच्चे के साथ अलवर के मालाखेड़ा के जमालपुर आए थे। जमालपुर गांव में मृतक सुरेंद्र सिंह का सुसराल है। यहां से ससुराल पक्ष के 5 लोग भी उनके साथ गए थे। पहले वे वृंदावन गए, फिर शनिवार को गिरिराज जी की परिक्रमा लगाई और सुबह जल्दी गांव के लिए चल दिए। रास्ते में आते समय कठूमर के पास तुसारी मोड़ पर यह हादसा हुआ है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *