जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोरोनाकाल में डेढ़ साल से सीएमआर से बाहर नहीं निकलने के विपक्ष के आरोपों पर सफाई दी और कहा,मैं इसलिए बाहर नहीं निकल रहा… क्योंकि बाहर जाऊंगा तो भीड़ इकठ्ठा होगी….लोग कहेंगे देखो खुद मुख्यमंत्री ही प्रोटोकॉल तोड़ रहे हैं… इसलिए मेरे लिए तो समस्या हो गई है यह… ऐसे में मुझे क्या करना चाहिए।
गहलोत ने गेंद जनता और विरोधियों के पाले में ही डाल दी कि वे ही बताए मैं क्या करू। गहलोत ने आवासन मंडल के वर्चुअल कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही।
सीएम ने कहा, अभी कोरोना के मामले कम है। लोगों ने तो समझ लिया कोरोना गया पर हमें पिछले अनुभवों से सीख लेनी होगी। 14 अप्रैल तक कुछ नहीं था फिर चार-पांच दिन में केस एकाएक इतने बढ़ गए कि उसका किसी को अंदाजा ही नहीं था। हमारे मंत्री भी बाहर जाते हैं तो मैं उनसे भी कहता हूं कि सावधानी बरतना। उन्होंने कहा कि देश से कोरोना अभी गया नहीं है। एक्सपर्ट अभी भी बोल रहे कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करें।
ये भी थे उपस्थित
इस दौरान बैठक में विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी, नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल, नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के अलावा प्रमुख शासन सचिव यूडीएच, हाउसिंग बोर्ड के कमीश्नर सहित अन्य अधिकारी भी वर्चुअल जुड़े।
वसुंधरा राजे ने कहा था ,सरकार चैन की नींद सो रही है
आपको बता दें कि दो दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने झालावाड़ क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा कर बयान जारी कर कहा था कि बाढ़ और अतिवृष्टि की मार से परेशान हाड़ौती की जनता खून के आंसू रो रही है। राज्य सरकार जयपुर के सिविल लाइन्स में चैन की नींद सो रही है। चक्रवात तूफान से हुई नुकसान का जायजा लेने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिमी बंगला, उड़ीसा क्षेत्र का दौरा किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा कर लोगों को राहत पहुंचाई। राजस्थान के भी CM बाहर निकलें और जनता की सुध लें।
इन प्राेजेक्ट का किया शिलान्यास
गहलोत ने जयपुर में बनने वाले विधायकों के मल्टी स्टोरी अपार्टमेंट का शिलान्यास किया। इस परियोजना में 6 ब्लॉक बनाए जाएंगे, जिसमें कुल 160 फ्लैट बनेंगे। इस परियोजना में हर फ्लैट 3200 वर्गफीट में बनेगा, जिसमें 4 बैडरूम और एक सर्वेंट रूम होगा। इसके अलावा इस प्रोजेक्ट में क्लब हाउस, जिम, स्वीमिंग पूल, हैल्थ सेंटर और एक बड़ा सेंट्रल हॉल के साथ तमाम सुविधाएं होगी। इसके अलावा आईएएस अधिकारियों की आवासीय योजना, मुख्यमंत्री जन आवास योजना और जयपुर के प्रताप नगर में स्टूडियो अपार्टमेंट की योजना का भी शिलान्यास किया।
डोटासरा बोले आईएएस की कौम सबसे ऊंची
बैठक में हाउसिंग बोर्ड के मकानों की क्वालिटी का जिक्र करते हुए गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि लाेगों में धारणा थी कि हाउसिंग बोर्ड के मकान सबसे घटिया क्वालिटी के होते है। आज हाउसिंग बोर्ड के ही बनाए मकानों में आईएएस, विधायक और नेता रहने की तैयारी कर रहे है। आईएएस सबसे ऊंची कौम होती है नेताओं से भी बड़ी कौम।
