Headlines

बजट में कन्या महाविद्यालय खोलने की घोषणा हुई भीण्डर में, सरकार ने जमीन आवंटित की कानोड़ क्षेत्र के हींता में

भीण्डर

उदयपुर : वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव से पहले विभिन्न मुद्दों पर राजनीति गर्मा रही हैं। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस और जनता सेना टकरा रही है तो कभी भाजपा और जनता सेना के बीच बयानों के तीर चल रहे हैं। राज्य सरकार ने बजट में भीण्डर क्षेत्र में दिवंगत विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत के नाम कन्या महाविद्यालय की घोषणा की थी। उसका अब स्थान परिवर्तन कर कानोड़ क्षेत्र के हींता पंचायत में भूमि आवंटित कर देने से मामला गर्मा गया हैं। भीण्डर के लोग कन्या महाविालय को लेकर जमीन आवंटन की सरकारी कार्रवाई से नाखुश हैं। उनका आरोप है कि राजनैतिक द्वेषता के चलते महाविद्यालय का स्थान परिवर्तन किया गया हैं। भीण्डर के लोगों ने इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी भी दी हैं।

भीण्डर व आसपास के क्षेत्र के लोगों ने आज जनता सेना के मुखिया रणधीरसिंह भीण्डर के नेतृत्व में उदयपुर पहुंच अतिरिक्त कलेक्टर ओपी सैनी को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी दिया, जिसमें बजट में भीण्डर नगर मे दिवंगत विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत के नाम कन्या महाविद्यालय की घोषणा के लिए धन्यवाद व आभार प्रकट किया है, लेकिन साथ ही बताया है कि पहले इस महाविद्यालय के लिए भीण्डर नगर पालिका द्वारा वार्ड 7 में वीरवालियों का खेड़ा के निकट जमीन चिन्हित की थी। लेकिन उस जमीन पर महाविद्यालय आवंटन नहीं करके, सरकार ने हींता पंचायत क्षेत्र में जमीन आवंटित कर दी है।

WhatsApp Image 2021 08 10 at 2.42.34 PM

ज्ञापन में कहा गया है कि हमारा क्षेत्र वर्षों से नगर पालिका क्षेत्र में होने के बावजुद विकसित नहीं हुआ। यह पहली बार मौका आया कि इस क्षेत्र में सरकारी भवन बने और हमारे क्षेत्र का विकास हो। इसके लिए नगर पालिका भीण्डर ने प्रस्ताव भी सरकार को भेजा। भीण्डर में महाविद्यालय बनने से मोतिदा, पाणुन्द, वाणियातलाई, आकोला, सांरगपुरा भीण्डर, सवना सहित आसपास के पिछड़े क्षेत्र के लोगों को उच्च शिक्षा मिलने में सुगमता होती। एडीएम से मिलने गए प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि नगरपालिका ने ज़मीन सुझाई है वह सर्वश्रेष्ठ है। पास में ही अम्बेडकर भवन, जैन समाज की ध्यान डूंगरी व गिरवरपोल स्कूल है।

यहां महाविद्यालय खुलने से आकोला तक के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। अभी जो ज़मीन आवंटित की गई है वह रेल्वे स्टेशन से भी एक किलोमीटर दूर है, लेकिन कुछ राजनीतिक द्वेषता के चलते इस क्षेत्र को विकसित नहीं होने देना चाहते है। इसलिए उन्होंने भीण्डर नगर पालिका क्षेत्र के लिए घोषित कन्या महाविद्यालय का भवन अब कानोड़ तहसील क्षेत्र की हींता ग्राम पंचायत क्षेत्र में आवंटित करवाया है। भीण्डर निवासियों ने सरकार की इस कार्रवाई पर रोष प्रकट करते हुए सरकार से मांग की कि जमीन आवंटन को बदल पुन: वीरवालियों का खेड़ा में चिन्हित की गई जमीन को ही आवंटित किया जावें। अन्यथा हमें मजबूर होकर जन आन्दोलन करना पड़ेगा। प्रतिनिधि मंडल में भीण्डर पंचायत समिति प्रधान हरि सिंह, नगरपालिका भीण्डर अध्यक्षा निर्मला भोजावत, पार्षद गोवर्धन भोई, कल्पना व्यास, मोहन मीणा, ओमप्रकाश भोई, जितेन्द्र साहू व कई नागरिक थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *